रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने छात्रावासों का किया औचक निरीक्षण, सुविधाओं और निर्माण कार्यों की जानकारी ली

बरेली,16 सितम्बर। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के कुलपति प्रोफेसर डॉ. अनिल कुमार राय ने आज विश्वविद्यालय के विभिन्न छात्रावासों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावासों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा वहां की समग्र व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

कुलपति महोदय ने छात्रावासों में मेस एवं खानपान व्यवस्था का निरीक्षण किया और छात्रों से साफ-सफाई तथा रखरखाव के विषय में विस्तृत बातचीत की। उन्होंने छात्रों को आवंटित कमरों, जल आपूर्ति व्यवस्था, स्नानागार, मनोरंजन के साधनों से लेकर शौचालयों तक का भौतिक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं में सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कुछ छात्रों ने छात्रावासों के सुधार के संबंध में अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। कुलपति महोदय ने छात्रों के सुझावों को गंभीरता से सुना और उन पर अति शीघ्र कार्य करवाने का आश्वासन देकर छात्रों को संतुष्ट किया।
-------------------------------------------------------------------------------------------
इस अवसर पर कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा, “छात्रावास केवल रहने का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और अनुशासन सीखने की प्रयोगशाला है। स्वच्छता और सुव्यवस्था आपके उज्ज्वल भविष्य की नींव है। आप अपने परिसर को अपने घर की तरह मानें और उसकी देखभाल में सहयोग करें। शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी ही सफलता की सच्ची कुंजी है। विश्वविद्यालय आपकी हर आवश्यकता को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
उक्त निरीक्षण में विश्वविद्यालय के मुख्य वार्डन प्रोफेसर ए. सिंह, प्रोफेसर संजय मिश्रा, डॉक्टर सौरव मिश्रा, डॉ. अतुल कटियार, डॉक्टर अजीत सहित सभी छात्रावासों के वार्डन उपस्थित रहे।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

