संपत्ति विवाद में भाइयों ने बड़े भाई की कर दी हत्या! पत्नियों ने भी दिया साथ, पुलिस ने किया गिरफ्तार

मुंबई. मुंबई पुलिस ने रविवार को दो भाइयों को अपने ही बड़े भाई की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। दोनों छोटे भाइयों पर आरोप है कि संपत्ति विवाद को लेकर हुए झगड़े में अपने बड़े भाई को जोर से धक्का दे दिया जबकि दोनों जानते थे कि उसे दिल की बीमारी है। तीनों भाई जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड (जेवीएलआर) पर एक ही फ्लैट में रहते थे।

43 वर्षीय जितेंद्र मोटखुरी और 40 वर्षीय महेंद्र मोटखुरी भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी 46 वर्षीय मृतक रविकुमार मोटखुरी की पत्नी सपना मोटखुरी की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई थी। शिकायत के मुताबिक, घटना ग्रीनफील्ड कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में शनिवार शाम करीब पांच बजे हुई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि फ्लैट के मालिकाना हक को लेकर तीनों भाइयों में अक्सर लड़ाई होती थी और संपत्ति का विवाद अदालत में भी पहुंचा था।

मृतक की पत्नी सपना की शिकायत में कहा गया है कि जितेंद्र और महेंद्र जानते थे कि उनका भाई दिल की बीमारी से पीड़ित है और अगर उसे पीटा गया तो यह उसकी मौत का कारण बन सकता है। उसने आरोप लगाया कि भाइयों ने जानबूझकर संपत्ति के विषय को उठाया और झगड़ा हो गया। मारपीट के दौरान उन्होंने रविकुमार की पिटाई की और उसे सोफे पर धकेल दिया। इससे वह होश खो बैठा और गिर पड़ा। इसके बाद उन्हें अंधेरी के होली स्पिरिट अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सपना द्वारा संदेह जताए जाने के बाद मृतक के विसरा को संरक्षित कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था।

बाद में स्थानीय एमआईडीसी पुलिस थाने में अपने बयान में उसने दोनों भाइयों और उनकी पत्नियों के खिलाफ शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चारों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और साझी मंशा के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। एक अधिकारी ने कहा कि दोनों भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और रविवार को अदालत में पेश किया।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper