स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के शुभारंभ पर आईवीआरआई में शपथ ग्रहण एवं दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित

बरेली,18सितंबर। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईसीएआर–आईवीआरआई), इज्जतनगर में स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान-2026 के शुभारंभ के अवसर पर 17 सितंबर को केंद्रीय सभागार में शपथ ग्रहण एवं दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष अभियान की विषयवस्तु “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखी गई है।

कार्यक्रम में संस्थान के लगभग 180 से अधिक वैज्ञानिकों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की। डॉ. एस.के. सिंह, संयुक्त निदेशक (अनुसंधान) ने उपस्थित प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसी क्रम में संयुक्त निदेशालय प्रसार शिक्षा (JDEE) तथा आईसीएआर–आईवीआरआई कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) के स्टाफ, विद्यार्थियों एवं किसानों द्वारा भी स्वच्छता शपथ ली गई। इस अवसर पर 85 स्टाफ सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए अपने आसपास के परिसर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने तथा स्वच्छता संबंधी व्यवहार एवं जागरूकता को सहकर्मियों, विद्यार्थियों, किसानों एवं व्यापक समुदाय तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि प्रौद्योगिकी सूचना केंद्र (ATIC) एवं कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) में दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। दीप प्रज्ज्वलन स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन तथा स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी एवं सकारात्मक कार्रवाई के संकल्प का प्रतीक रहा। प्रतिभागियों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और स्वस्थ वातावरण के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
-------------------------------------------------------------------------------------------
कार्यक्रम के आयोजन डॉ. एस.के. सिंह, संयुक्त निदेशक (अनुसंधान), डॉ. रुपसी तिवारी, संयुक्त निदेशक (प्रसार शिक्षा) तथा डॉ. सोहिनी डे, संयुक्त निदेशक (कैडराड) द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. एस.के. साहा, प्रधान वैज्ञानिक, पशु पोषण प्रभाग ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह कार्यक्रम आईसीएआर–आईवीआरआई में स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की शुरुआत का प्रतीक रहा। अभियान के दौरान जनभागीदारी, स्वच्छता, स्वास्थ्यकर वातावरण, जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन तथा स्वच्छता संबंधी जागरूकता के प्रसार पर विशेष बल दिया जाएगा। संस्थान के वैज्ञानिकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं किसानों की सक्रिय सहभागिता ने “स्वच्छ भारत, विकसित भारत” के व्यापक दृष्टिकोण के प्रति आईवीआरआई की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

