आईसीएआर-आईवीआरआई,बरेली में हिन्दी पखवाड़ा-2026 काआयोजन

बरेली, 18 सितम्बर। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद- भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईसीएआर-आईवीआरआई), इज्जतनगर में हिन्दी दिवस (14 सितम्बर) के उपलक्ष्य में हिन्दी पखवाड़ा–2026 का आयोजन किया गया । इस पखवाड़े का उद्देश्य हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने तथा संस्थान के अधिकारियों, वैज्ञानिकों, तकनीकी एवं प्रशासनिक कर्मचारियों तथा अन्य कार्मिकों में हिन्दी के प्रति रुचि एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पखवाड़े के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं साहित्यिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर राजभाषा अनुभाग के प्रभारी डॉ के एन काण्डपाल ने बताया कि हिन्दी पखवाड़ा–2026 के अंतर्गत प्रतिभागियों के लिए विभिन्न भाषायी, साहित्यिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें हिन्दी शुद्धिकरण लेख प्रतियोगिता, गृहिणी हिन्दी निबंध प्रतियोगिता, कम्प्यूटर हिन्दी टाइपिंग प्रतियोगिता, हिन्दी अनुवाद प्रतियोगिता, हिन्दी निबंध प्रतियोगिता, हिन्दी शोध-पत्र प्रतियोगिता, शुद्ध हिन्दी भाषण प्रतियोगिता, हिन्दी शोध पोस्टर प्रतियोगिता, हिन्दी वाद-विवाद प्रतियोगिता, हिन्दी कविता पाठ, हिन्दी कवि सम्मेलन तथा प्रश्नमंच प्रतियोगिता प्रमुख हैं।
इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के प्रयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रतिभागियों की भाषायी दक्षता, सृजनात्मकता, तार्किक क्षमता एवं अभिव्यक्ति कौशल को प्रोत्साहित करना है। शोध-पत्र एवं शोध पोस्टर प्रतियोगिताओं के माध्यम से वैज्ञानिक एवं तकनीकी विषयों को हिन्दी में प्रस्तुत करने के लिए भी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने संस्थान प्रशासन ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से हिन्दी पखवाड़ा–2026 के विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा राजभाषा हिन्दी के प्रचार-प्रसार एवं कार्यालयीन कार्यों में इसके अधिकाधिक प्रयोग में सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया है।
हिन्दी पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को निर्धारित नियमों के अनुसार पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
आईसीएआर–आईवीआरआई द्वारा हिन्दी पखवाड़ा–2026 के माध्यम से संस्थान के वैज्ञानिक, प्रशासनिक एवं तकनीकी कार्यों में हिन्दी के प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देने तथा राजभाषा हिन्दी के प्रति जागरूकता एवं गौरव की भावना को सुदृढ़ करने का प्रयास किया जा रहा है। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
-------------------------------------------------------------------------------------------

