लोकसभा में वंदे मातरम् पर 10 घंटे की विशेष चर्चा आज, विपक्ष को घेरने के लिए सरकार ने बनाई खास रणनीति

नई दिल्ली: लोकसभा में आज वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष चर्चा होगी। स्वतंत्रता आंदोलन में इस देशभक्ति गीत की भूमिका और भारत की सांस्कृतिक विरासत पर केंद्रित यह बहस दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुरू की जाएगी। चर्चा के लिए कुल 10 घंटे का वक्त निर्धारित किया गया है।
सरकार की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, अनुराग ठाकुर, बिप्लब देव, बांसुरी स्वराज, संबित पात्रा, तेजस्वी सूर्या, संतोष पांडे और सौमित्र खान सहित कई भाजपा सांसद अपने तर्क पेश करेंगे। विपक्ष की तरफ से गौरव गोगोई, प्रियंका वाड्रा, दीपेंद्र हुड्डा, विमल अकोइजम, प्रणिती शिंदे, प्रशांत पडोले, चमाला रेड्डी और ज्योत्सना महंत चर्चा में भाग लेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी के उस बयान को लेकर सदन में हंगामे की आशंका है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस पर 1937 में वंदे मातरम् के प्रमुख छंद हटाने और विभाजन के बीज बोने का आरोप लगाया था। इसी मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा चर्चा से पहले ही आमने–सामने आ चुकी हैं। भाजपा प्रवक्ता और लोकसभा सांसद संबित पात्रा ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर भी निशाना साधते हुए कहा कि नेहरू ने मुस्लिम समाज को ‘इरिटेट’ होने की आशंका जताकर वंदे मातरम् की कई पंक्तियां हटवाई थीं और इसे समझने के लिए शब्दकोश देखना पड़ा था।
मोदी सरकार इस बहस के जरिए कांग्रेस पर विशेष रूप से नेहरू के दौर के फैसलों को लेकर हमला तेज करने की तैयारी में है।

