11 साल की बच्ची से दरिंदगी, अगवा कर जंगल में किया रेप; चार घंटे तक खेत में तड़पती रही, आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा: बादलपुर क्षेत्र के एक गांव में 11 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला एक युवक बच्ची को दुकान पर ले जाने का बहाना बनाकर बाइक से जंगल में ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर बेल्ट से बेरहमी से पीटा। इसके बाद आरोपी उसे लहूलुहान और बेहोशी की हालत में खेत में छोड़कर फरार हो गया। करीब चार घंटे तक बच्ची खेत में पड़ी रही। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका आईसीयू में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार, बच्ची पांचवीं कक्षा में पढ़ती है और अपने मामा के यहां रहती है। बुधवार रात उसकी नानी और परिवार के अन्य सदस्य पड़ोस में आयोजित शादी के संगीत कार्यक्रम में गए थे। बच्ची नानी का मोबाइल फोन लेकर वहां जा रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले रोहित उर्फ चंदा ने उसे दुकान पर चलने का झांसा दिया और बाइक पर बैठाकर जंगल की ओर ले गया।
आरोप है कि आरोपी ने खेत में बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। उसके विरोध करने पर बेल्ट से बुरी तरह पीटा और गंभीर हालत में छोड़कर भाग गया। देर रात तक बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई।
मोबाइल लोकेशन से जंगल में मिली बच्ची
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बच्ची के पास उसकी नानी का मोबाइल फोन है। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की तो उसकी मौजूदगी जंगल के आसपास मिली। इसके बाद पुलिस और परिजन तलाश करते हुए खेत तक पहुंचे, जहां बच्ची बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
फिलहाल कासना स्थित जिम्स अस्पताल में बच्ची का इलाज चल रहा है। उसके शरीर पर चोटों के निशान हैं। गले पर भी निशान मिले हैं और अंदरूनी चोटें भी आई हैं। अस्पताल के निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. आरके गुप्ता के मुताबिक, बच्ची को बेहद गंभीर हालत में लाया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में आईसीयू में उसका इलाज किया जा रहा है। शुरुआती हालत की तुलना में अब उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोचा
डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित उर्फ चंदा के रूप में हुई है। वह बच्ची के मामा का दोस्त और पड़ोसी है। बच्ची उसे मामा कहकर बुलाती थी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बच्ची के पिता निजी स्कूल में शिक्षक हैं, जबकि उसके मामा स्कूल चलाते हैं। घटना के बाद परिवार में गहरा आक्रोश है। सूत्रों के मुताबिक, बच्ची को अस्पताल लाए जाने के समय उसकी हालत बेहद चिंताजनक थी। उसके शरीर में सूजन और डिहाइड्रेशन की भी शिकायत थी।
गैंगरेप के आरोप पर पुलिस और परिजनों के दावे अलग-अलग

इस मामले में आरोपियों की संख्या को लेकर पुलिस और परिजनों के बयान अलग-अलग हैं। बच्ची के मामा की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। परिजनों का आरोप है कि वारदात में तीन लोग शामिल थे और बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। उनका कहना है कि बच्ची ने भी तीन आरोपियों के बारे में बताया है।
दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में केवल एक आरोपी की भूमिका सामने आई है। पुलिस अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
रात 9:30 बजे अगवा हुई, करीब 1:30 बजे मिली
परिजनों के मुताबिक, आरोपी बुधवार रात करीब 9:30 बजे बच्ची को बाइक पर बैठाकर ले गया था। इसके बाद उसके साथ दरिंदगी की और खेत में छोड़कर फरार हो गया। करीब चार घंटे तक बच्ची वहीं पड़ी रही। रात लगभग 1:30 बजे पुलिस की मदद से परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उसे बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया। इस घटना के बाद से परिवार के लोगों में भारी गुस्सा है।
तीन महीने पहले छह साल की बच्ची की हुई थी हत्या
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के हल्दौनी गांव में करीब तीन महीने पहले भी एक मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी और हत्या की घटना हुई थी। छह साल की बच्ची के साथ बलराज नाम के आरोपी ने दुष्कर्म किया था और फिर उसकी हत्या कर दी थी। आरोपी बच्ची का शव बोरे में भरकर घर से करीब दो किलोमीटर दूर खेत में फेंक आया था। शव ले जाते समय वह सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। बाद में पुलिस ने मुठभेड़ में उसे मार गिराया था।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
