राज्य

कैब से दस माह की बच्ची को बाहर फेंकने से मौत, मां से की छेड़छाड़, पालघर में दिल दहलाने वाली घटना

महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के पालघर में एक कैब ड्राइवर और सहयात्रियों ने महिला के साथ छेड़छाड़ कर उसे और उसकी दस माह की बच्ची को चलती कार से फेंक दिया। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। पालघर, पीटीआइ। महाराष्ट्र के पालघर से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर एक कैब में महिला से छेड़छाड़ की गई और इसके बाद उसकी बेटी को भी चलती कार से बाहर फेंक दिया। दस महीने की बच्ची को कैब से बाहर फेंकने के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां को भी छेड़छाड़ के बाद बाहर फेंक दिया गया।

महिला को भी कार से फेंका बाहर
पुलिस अधिकारी के अनुसार महिला को भी वाहन से बाहर धकेल दिया गया और उसे गंभीर चोटें आईं हैं। जानकारी के अनुसार महिला और उसकी बेटी पेल्हार से वाडा तहसील के पोशेरे में कैब से लौट रही थीं तभी उनके साथ यह घटना घटी।

कैब ड्राइवर और सहयात्रियों पर आरोप
महिला ने पुलिस को बताया कि उसने एक शेयरिंग कैब बुक करवाई थी जिसमें रास्ते में कैब ड्राइवर और कुछ सहयात्रियों ने कथित तौर पर उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला ने विरोध किया तो उन्होंने बच्ची को छीन लिया और उसे तेज रफ्तार कैब से फेंक दिया।

मामला दर्ज, अपराधियों में से एक की हुई पहचान
पुलिस ने बताया कि महिला को काफी गंभीर चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने कहा कि मांडवी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अपराधियों की तलाश कर रही है। महिला से कथित रूप से छेड़छाड़ करने के एक आरोपी विजय कुशवाहा के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 और 354 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be