Friday, March 20, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

बाराबंकी के जिला जज पंकज कुमार सिंह का हार्ट अटैक से निधन, 30 जून को था रिटायरमेंट


बाराबंकी के जिला एवं सत्र न्यायाधीश पंकज कुमार सिंह का आज सुबह करीब 3 बजे हृदयगति रुकने से निधन हो गया। 60 वर्षीय पंकज कुमार सिंह 8 जुलाई 2024 से बाराबंकी में जिला जज के रूप में कार्यरत थे और आगामी 30 जून 2025 को सेवानिवृत्त होने वाले थे।

कचहरी परिसर में शोक की लहर
उनके निधन की खबर से न्यायायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। मूल रूप से आजमगढ़ जनपद के निवासी पंकज कुमार सिंह 2011 में एडीजे के तौर पर न्यायिक सेवा में आए थे। बाराबंकी में तैनाती से पहले उन्होंने उन्नाव, आगरा, लखनऊ और बुलंदशहर समेत कई जिलों में अपनी सेवाएं दी थीं।

न्यायपालिका को दिया अपूरणीय योगदान
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हिसाल बारी किदवई ने गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा कि जिला जज पंकज कुमार सिंह अपने कार्यों से न्यायपालिका में अमिट छाप छोड़ गए हैं। वे न्याय के प्रति अपने समर्पण, वादकारियों के प्रति संवेदनशीलता और निष्पक्ष फैसलों की प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते थे।

वरिष्ठ अधिवक्ता अनूप कुमार यादव ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पंकज कुमार सिंह न्यायिक प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने में अग्रणी रहे। वे त्वरित न्याय देने के पक्षधर थे और हमेशा सभी के लिए सुलभ रहते थे। उनके दरवाजे हर वादकारी और अधिवक्ता के लिए खुले रहते थे।

नेताओं और अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि
जिला जज के निधन की सूचना मिलते ही राज्यमंत्री सतीश शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष सिंह, सुरेश गौतम, कौशल किशोर त्रिपाठी, डीएम शशांक त्रिपाठी, एसपी दिनेश कुमार सिंह और एडीएम डॉ. अरुण कुमार सिंह उनके आवास पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की।

उनके आकस्मिक निधन से न्यायपालिका को एक निष्पक्ष, न्यायप्रिय और समर्पित न्यायाधीश की अपूरणीय क्षति हुई है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------