Top Newsउत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी का निधन, 6 बार रहे विधायक

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और गाजियाबाद के मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र से छह बार विधायक रहे राजपाल त्यागी का आज लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 80 साल के थे। दिवंंगत राजपाल त्यागी के विधायक बेटे अजीतपाल त्यागी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यह जानकारी दी। राजपाल त्यागी पिछले 15 दिन से गाजियाबाद के ही यशोदा अस्पताल में भर्ती थे, जहां आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। राजपाल त्यागी के परिवार में दो पुत्र गिरीश पाल त्यागी, अजीत पाल त्यागी और पत्नी लोकेश त्यागी हैं।

राजपाल त्यागी पुराने कांग्रेसी नेता थे। वह कांग्रेस से गाजियाबाद के जिला अध्यक्ष रहे। कांग्रेस के टिकट पर मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक भी चुने गए। राजपाल त्यागी की मतदाताओं के बीच पकड़ का अंदाजा इससे ही लगाया जा सकता है कि वह बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी के टिकट पर भी मुरादनगर से क्षेत्र जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। राजपाल त्यागी दो बार निर्दलीय विधायक भी रहे।

वह 2012 का विधानसभा चुनाव हार गए थे। इसके बाद राजपाल त्यागी के बेटे अजीतपाल त्यागी ने 2017 और 2022 में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर मुरादनगर विधानसभा नगर से चुनाव जीता।

राजपाल त्यागी के राजनीतिक कद सफर पर नजर डालें तो वह 8 साल तक गाजियाबाद में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रहे। छह बार विधायक, तीन बार कैबिनेट मंत्री रहे। दो बार निर्दलीय, दो बार कांग्रेस, एक बार सपा, एक बसपा से जीते।

राजपाल त्यागी का आज शाम 4 बजे हिंडन स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। इसमें जिले के तमाम बड़े छोटे-बड़े नेता नेता और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है।