Top Newsदेशराज्य

होली पर यात्रियों को बड़ी राहत, भारतीय रेलवे चलाएगा 1410 स्पेशल ट्रेनें; यूपी-बिहार का सफर होगा आसान

बरौनी (बेगूसराय)। होली पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों को सुगम और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे 1 मार्च से 22 मार्च के बीच कुल 1410 होली स्पेशल ट्रेनों (ट्रिप) का संचालन करेगा। इनमें से पूर्व मध्य रेल के हिस्से में 285 होली स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं, जिससे यूपी और बिहार जाने वाले यात्रियों को खास राहत मिलेगी।

रानीकमलापति–अगरतला स्पेशल ट्रेन का संचालन
रेलवे द्वारा गाड़ी संख्या 01665/01666 रानीकमलापति–अगरतला–रानीकमलापति होली स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन डीडीयू, दानापुर, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, बरौनी और कटिहार के रास्ते संचालित होगी।

गाड़ी संख्या 01665 रानीकमलापति–अगरतला स्पेशल 5 मार्च 2026 से प्रत्येक गुरुवार को रानीकमलापति से दोपहर 3:20 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 10:10 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी और तीसरे दिन शाम 6:55 बजे अगरतला पहुंचेगी।

वापसी में रविवार को चलेगी स्पेशल ट्रेन
वापसी यात्रा में गाड़ी संख्या 01666 अगरतला–रानीकमलापति स्पेशल 8 मार्च 2026 से प्रत्येक रविवार को अगरतला से शाम 5:20 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन रात 10:25 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी और तीसरे दिन शाम 4:35 बजे रानीकमलापति पहुंचेगी।

हापा–नाहरलगुन होली स्पेशल से पूर्वोत्तर तक सीधी कनेक्टिविटी
यात्रियों की सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 09525/09526 हापा–नाहरलगुन–हापा होली स्पेशल ट्रेन का भी संचालन किया जाएगा। यह ट्रेन वाराणसी, बलिया, छपरा, हाजीपुर, बरौनी और कटिहार के रास्ते चलेगी।

गाड़ी संख्या 09525 हापा–नाहरलगुन स्पेशल 4 मार्च 2026 से प्रत्येक बुधवार को हापा से रात 12:40 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन दूसरे दिन शाम 5:00 बजे हाजीपुर पहुंचेगी और तीसरे दिन शाम 4:00 बजे नाहरलगुन पहुंचेगी।

नाहरलगुन से हापा के लिए शनिवार को वापसी सेवा
वापसी में गाड़ी संख्या 09526 नाहरलगुन–हापा स्पेशल 7 मार्च 2026 से प्रत्येक शनिवार को नाहरलगुन से सुबह 9:40 बजे खुलेगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 7:15 बजे हाजीपुर पहुंचेगी और चौथे दिन रात 12:30 बजे हापा पहुंचेगी।

यात्रियों के लिए जरूरी सूचना
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन परिचालन से जुड़ी किसी भी प्रकार की अद्यतन जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें या नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) की वेबसाइट अथवा मोबाइल ऐप का उपयोग करें।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------