एनएसएस शिविर के चौथे दिन बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जागरूकता रैली और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन

गोण्डा: सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज, गोण्डा में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन गुरुवार को कई सामाजिक और शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि अरविन्द बाल शिक्षा मंदिर के प्रांगण की साफ-सफाई से हुई।

इसके बाद योग प्रशिक्षक अंजनी कुमार दुबे और करूणेश पटेल ने स्वयंसेविकाओं को योगाभ्यास कराया। योग सत्र के बाद अल्पाहार का आयोजन किया गया।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ को लेकर निकाली जागरूकता रैली
अल्पाहार के बाद कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मौसमी सिंह और डॉ. नीतू सिंह के मार्गदर्शन में स्वयंसेविकाओं ने उपरहितन पुरवा और रानीपुरवा क्षेत्रों में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ विषय पर जागरूकता रैली निकाली। रैली जानकीनगर के ग्राम प्रधान शिव बहादुर पाण्डेय के आवास तक पहुंची, जहां ग्रामीणों को इस अभियान के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
इस दौरान छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी लोगों को बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। नाटक में लक्ष्मी, ज्योति, आनन्दा, निशा, कशिश, खुशी और श्रेया सहित कई स्वयंसेविकाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
पोस्टर प्रतियोगिता में 30 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

भोजन के बाद ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 30 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में श्रद्धा गंगवार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मरियम और पूर्णिमा शुक्ला संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं निशा यादव ने तृतीय स्थान हासिल किया।
रेडियो ज्ञानस्थली की टीम ने दी सरकारी योजनाओं की जानकारी
बौद्धिक सत्र में रेडियो ज्ञानस्थली 89.6 एफएम से इरफान और उनकी टीम ने प्रतिभागियों को सरकार द्वारा संचालित एमडीए कार्यक्रम और अन्य सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
खेल प्रतियोगिता के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन
दिन के अंतिम चरण में खेल प्रशिक्षिका लक्ष्मी देवी के निर्देशन में खो-खो प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम के सफल संचालन में एनएसएस कर्मचारी विजय प्रकाश श्रीवास्तव और दिनेश श्रीवास्तव का विशेष योगदान रहा।
