Featured NewsTop Newsउत्तर प्रदेश

गैस कनेक्शन कटने का डर और लाखों की चपत: साइबर ठगों का शिकार बनी महिला, एक लिंक ने लूटी उम्र भर की कमाई

Greater Noida: साइबर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे लोगों की जरूरतों और डर का फायदा उठाकर उनकी जीवनभर की कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं। ताजा मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाईराइज सोसायटी से सामने आया है, जहां एक 61 वर्षीय बुजुर्ग महिला को गैस कनेक्शन काटने की धमकी देकर ठगों ने उनके खाते से करीब 21 लाख रुपए उड़ा लिए।

एक फर्जी कॉल और डर का खेल
पीड़िता गुजीब कालरा के पास बीते दिनों एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) का कर्मचारी बताया। उसने महिला से कहा कि उनके गैस बिल का भुगतान बकाया है और यदि तुरंत पैसे जमा नहीं किए गए, तो कनेक्शन काट दिया जाएगा। गैस संकट की अफवाहों के बीच बुजुर्ग महिला घबरा गईं और ठग की बातों में आ गईं।

लिंक भेजकर बिछाया जाल
ठग ने महिला को झांसे में लेने के लिए मोबाइल पर एक लिंक भेजा और कहा कि इस पर क्लिक करके छोटा सा बकाया बिल भर दें। जैसे ही महिला ने लिंक खोला, उसमें बैंक खाते की गोपनीय जानकारी (Bank Details) भरने का विकल्प आया। महिला ने जैसे ही अपनी डिटेल दर्ज की, ठगों को उनके खाते का पूरा एक्सेस मिल गया।

11 ट्रांजैक्शन और 21 लाख साफ
खाते की जानकारी मिलते ही साइबर ठगों ने अपना खेल शुरू कर दिया। देखते ही देखते महिला के मोबाइल पर धड़ाधड़ पैसे कटने के मैसेज आने लगे। महज कुछ ही मिनटों के भीतर ठगों ने 11 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 21 लाख रुपये निकाल लिए। जब तक महिला कुछ समझ पाती, उनका बैंक खाता लगभग खाली हो चुका था।

पुलिस और साइबर सेल की कार्रवाई
ठगी का अहसास होते ही पीड़िता ने तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। साइबर सेल के थाना प्रभारी विजय राणा ने बताया कि अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उन बैंक खातों की जांच कर रही है जिनमें पैसे ट्रांसफर किए गए हैं।

---------------------------------------------------------------------------------------------------