Wednesday, June 17, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

BBAU की ई-लाइब्रेरी अब और स्मार्ट! ‘निंबस डिस्कवरी टूल’ से एक क्लिक पर मिलेंगे हजारों डिजिटल संसाधन, 100 से अधिक प्रतिभागियों को दिया गया प्रशिक्षण

लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय द्वारा डिजिटल शिक्षा और अनुसंधान को नई गति देने के उद्देश्य से “निंबस डिस्कवरी टूल के माध्यम से बीबीएयू ई-लाइब्रेरी का उपयोग कैसे करें” विषय पर ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को आधुनिक डिजिटल संसाधनों तक आसान पहुंच के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। इस अवसर पर डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू, पुस्तकालय अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. सुनील गोरिया, निंबस की प्रतिनिधि कनिष्का जिंदल, रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल के निदेशक प्रो. शिशिर कुमार तथा खाद्य एवं पोषण विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. नीतू सिंह भी मौजूद रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सुनील गोरिया द्वारा कुलपति, विशिष्ट अतिथियों, निंबस के प्रतिनिधियों और प्रतिभागियों के स्वागत के साथ हुई।

डिजिटल संसाधन बने उच्च शिक्षा और शोध की नई ताकत

अपने संबोधन में कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने उच्च शिक्षा और अनुसंधान में डिजिटल संसाधनों की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय किसी भी शैक्षणिक संस्थान का ज्ञान-केंद्र होता है और आधुनिक दौर में डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता शिक्षण एवं शोध कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाती है।

उन्होंने विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों से पुस्तकालय द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे ई-संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने की अपील की। साथ ही उन्होंने नव स्थापित निंबस ई-लाइब्रेरी प्लेटफॉर्म को विश्वविद्यालय समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा बताया।

एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगे सभी ई-संसाधन

कुलपति ने बताया कि निंबस प्लेटफॉर्म के माध्यम से सदस्यता प्राप्त संसाधन, मुक्त अभिगम सामग्री तथा ‘वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन (ओएनओएस)’ के तहत उपलब्ध अकादमिक सामग्री तक एक ही मंच से पहुंच संभव होगी।

उन्होंने कहा कि इस एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए विद्यार्थियों और शिक्षकों को अलग-अलग पोर्टलों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे समय और ऊर्जा दोनों की बचत होगी तथा सभी डिजिटल संसाधन एक ही विंडो पर उपलब्ध होंगे।

कहीं भी, कभी भी होगी ई-लाइब्रेरी तक पहुंच

पुस्तकालय अध्यक्ष डॉ. सुनील गोरिया ने निंबस डिस्कवरी टूल और इसके मोबाइल ऐप आधारित प्लेटफॉर्म की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से विश्वविद्यालय पुस्तकालय के सभी ई-संसाधनों तक कहीं भी और किसी भी समय आसानी से पहुंच बनाई जा सकती है।

उन्होंने कहा कि यह प्लेटफॉर्म डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ शोध गतिविधियों को भी अधिक प्रभावी बनाएगा।

तकनीकी सत्र में बताया गया प्लेटफॉर्म का उपयोग

तकनीकी सत्र के दौरान निंबस की कनिष्का जिंदल ने बीबीएयू के लिए विकसित निंबस डिस्कवरी प्लेटफॉर्म की प्रमुख विशेषताओं का प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रतिभागियों को बताया कि किस प्रकार ई-जर्नल, ई-पुस्तकें, डेटाबेस और अन्य अकादमिक संसाधनों को एकीकृत खोज प्रणाली के माध्यम से आसानी से खोजा और उपयोग किया जा सकता है।

कार्यक्रम में 100 से अधिक शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी और कर्मचारी शामिल हुए। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताते हुए इसकी सराहना की।

कुलपति ने की प्रयासों की सराहना

समापन सत्र में कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने विश्वविद्यालय में अनुसंधान और अकादमिक गतिविधियों को मजबूत बनाने के लिए डॉ. सुनील गोरिया द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। वहीं डॉ. गोरिया ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, विशेषज्ञों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------