Featured NewsTop Newsबिजनेस

1 अप्रैल से टोल प्लाजा पर बड़ा बदलाव: कैश पूरी तरह बंद, बिना डिजिटल पेमेंट फंस सकती है आपकी गाड़ी

अगर आप नेशनल हाइवे या एक्सप्रेसवे पर सफर करने की तैयारी में हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। सड़क यात्रा को तेज, पारदर्शी और आधुनिक बनाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) 1 अप्रैल 2026 से बड़ा बदलाव लागू करने जा रहा है। इसके तहत अब टोल प्लाजा पर नकद भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।

सरकार के इस फैसले के बाद टोल बूथ पर कैश देने का विकल्प खत्म हो जाएगा। ऐसे में यदि आपकी गाड़ी में डिजिटल भुगतान की सुविधा नहीं है, तो यात्रा के दौरान आपको परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

कैश काउंटर होंगे पूरी तरह बंद

नए नियम के तहत 1 अप्रैल से सभी टोल प्लाजा पर कैश काउंटर बंद कर दिए जाएंगे। अब टोल टैक्स चुकाने के लिए केवल डिजिटल माध्यम ही मान्य होंगे। इसमें फास्टैग और यूपीआई जैसे विकल्प शामिल हैं।

हालांकि फास्टैग पहले से अनिवार्य है, लेकिन अब तक कई लोग कैश लेन का इस्तेमाल करते थे, जिससे टोल प्लाजा पर जाम की स्थिति बनती थी। इस बदलाव के बाद टोल कलेक्शन पूरी तरह डिजिटल हो जाएगा।

ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

टोल प्लाजा पर अक्सर छुट्टे पैसों और नकद भुगतान के कारण लंबी कतारें लग जाती हैं। NHAI का मानना है कि कैशलेस सिस्टम लागू होने से यह समस्या खत्म होगी। इससे वाहनों की आवाजाही तेज होगी, ईंधन की बचत होगी और प्रदूषण में भी कमी आएगी।

इसके साथ ही टोल कलेक्शन में पारदर्शिता बढ़ेगी और सिस्टम ज्यादा प्रभावी तरीके से काम करेगा।

फास्टैग में बैलेंस नहीं तो क्या करें?

अगर सफर के दौरान आपके फास्टैग में बैलेंस खत्म हो जाता है या वह काम नहीं करता है, तो आपको मौके पर ही यूपीआई के जरिए भुगतान करना होगा। टोल प्लाजा पर QR कोड स्कैन कर पेमेंट किया जा सकेगा।

हालांकि विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि यात्रा शुरू करने से पहले ही फास्टैग को रिचार्ज कर लेना बेहतर होगा, क्योंकि कई बार नेटवर्क समस्या के कारण डिजिटल पेमेंट में देरी हो सकती है।

सफर से पहले इन बातों का रखें ध्यान

इस नए सिस्टम के तहत परेशानी से बचने के लिए जरूरी है कि आपकी गाड़ी पर एक्टिव फास्टैग लगा हो और उसका केवाईसी अपडेटेड हो। साथ ही मोबाइल में कोई यूपीआई ऐप जैसे Google Pay या PhonePe सही तरीके से काम कर रहा हो, यह भी सुनिश्चित कर लें।

NHAI का यह कदम सड़क यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है, जो आने वाले समय में हाईवे यात्रा को और सुगम बना सकता है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------