Wednesday, June 3, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग में एम एस सी (भौतिकी)में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ

बरेली,03 जून।महात्मा ज्योतिबा फूले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय बरेली कैंपस के भौतिक विज्ञान विभाग में एम.एस.सी. (भौतिकी) में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण प्रारम्भ हो चुके हैं। किसी भी मान्यता प्राप्त महाविद्यालय/विश्वविद्यालय से बी.एस.सी. डिग्री धारक विद्यार्थी निम्न पोर्टल पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं—

www.mjpru.ac.in/onlineexaminationform.

एम.एस.सी. में प्रवेश बी.एस.सी. के अंकों की वरीयता के आधार पर होगा।आरक्षण एवं छात्रवृत्ति का प्रावधान उत्तर प्रदेश राज्य सरकार के मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रदान किया जाएगा।

भौतिक विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सलीम खान ने बताया , कि आज के युग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्वांटम कम्प्यूटिंग, नैनो टेक्नोलॉजी तथा सस्टेनेबल ऊर्जा जैसी प्रौद्योगिकियाँ मानव सभ्यता को नई दिशा दे रही हैं। भौतिक विज्ञान की मूलभूत भूमिका पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक एवं अपरिहार्य हो गई है।

विश्वविद्यालय परिसर द्वारा संचालित एम.एस.सी. भौतिक विज्ञान पाठ्यक्रम न केवल सैद्धान्तिक ज्ञान प्रदान करता है, अपितु आधुनिक अंतरविषयक एवं उत्तरदायित्वपूर्ण शोध के लिए सुदृढ़ पृष्ठभूमि भी तैयार करता है। यह विद्यार्थियों को जटिल समस्याओं को हल करने, नवाचार करने तथा वैज्ञानिक प्रगति में योगदान देने के लिए सक्षम बनाता है।

विभाग में जिन प्रमुख क्षेत्रों का अध्ययन एवं अनुसंधान हेतु उचित शिक्षा प्रदान की जाती है वेक्षेत्र हैं—वे हैं क्वांटम प्रौद्योगिकी, नैनो टेक्नोलॉजी, मैटेरियल साइंस, न्यूक्लियर फिजिक्स,नवीकरणीय ऊर्जा एवं फ्यूजन, बायोफिजिक्स एवं मेडिकल फिजिक्स, कम्प्यूटेशनल फिजिक्स एवं डेटा साइंस,आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं कॉस्मोलॉजी।

एम.एस.सी. (भौतिकी) के छात्र शिक्षण कार्य एवं अनुसंधानात्मक शोध के अतिरिक्त अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों जैसे ISRO, DRDO, CSIR तथा अन्य प्रतिष्ठित संगठनों में अपनी उपयोगिता सिद्ध कर सकते हैं।

भारत सरकार के “नेशनल क्वांटम मिशन (2023–2031)” के तहत क्वांटम कम्प्यूटिंग पर विशेष निवेश किया जा रहा है। चार उत्कृष्ट संस्थान IISc एवं IITs (मद्रास, मुंबई एवं दिल्ली) इस मिशन में सक्रिय हैं। साथ ही, NITI Aayog ने Quantum Technologies का रोडमैप भी जारी किया है। एम.एससी. फिजिक्स इन सभी क्षेत्रों के लिए मजबूत आधार प्रदान करती है।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------