उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

विश्व साइकिल दिवस एवं पर्यावरण सप्ताह समारोह का आयोजन

विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर ईआईएसीपी, इंस्टीट्यूट ऑफ वाइल्डलाइफ साइंसेज (आईडब्ल्यूएस), लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा नीवा फाउंडेशन के सहयोग से विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के सप्ताहव्यापी कार्यक्रमों के अंतर्गत एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया।

रैली का शुभारंभ लखनऊ विश्वविद्यालय के गेट संख्या-3 से प्रो. अमिता कनौजिया, समन्वयक, ईआईएसीपी-आईडब्ल्यूएस, विभागाध्यक्ष, प्राणी विज्ञान विभाग एवं डीन छात्र कल्याण (डीएसडब्ल्यू), लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। रैली गेट संख्या-3 से प्रारंभ होकर राजभवन तक गई तथा पुनः उसी मार्ग से विश्वविद्यालय परिसर वापस लौटी।

इस साइकिल रैली में कुल 120 साइकिल चालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों में वरिष्ठ प्रोफेसरगण, शोधार्थी, विद्यार्थी, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, एम्बुलेंस सेवा से जुड़े कर्मी तथा पर्यावरण प्रेमी शामिल रहे। रैली का उद्देश्य साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देना, ईंधन की बचत करना, कार्बन उत्सर्जन को कम करना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था।

रैली के सफल समापन के उपरांत सभी प्रतिभागियों को जलपान एवं अल्पाहार वितरित किया गया। कार्यक्रम के आयोजन एवं संचालन में ईआईएसीपी के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

विश्व पर्यावरण दिवस के सप्ताहव्यापी समारोह के अंतर्गत आगामी कार्यक्रम के रूप में लखनऊ विश्वविद्यालय के पुराने परिसर स्थित सभी छात्रावासों में वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक छात्रावास में चंदन, सावनी एवं रुद्राक्ष के तीन पौधे लगाए जाएंगे, जिससे परिसर में हरित आवरण को बढ़ावा मिले तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़े।

पर्यावरण सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में अब तक 500 से अधिक प्रतिभागियों ने सहभागिता की है, जो पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति समाज की बढ़ती प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा हरित जीवनशैली को अपनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

---------------------------------------------------------------------------------------------------