54वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, बरेली बना राष्ट्रीय खेलों का केंद्र

बरेली,31मार्च। नाथ नगरी बरेली एक बार फिर राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराते हुए खेल प्रतिभाओं के महाकुंभ की साक्षी बनी। फ्यूचर विश्वविद्यालय बरेली परिसर में आयोजित 54वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ कल जिलाधिकारी बरेली अविनाश सिंह एवं कैंट विधायक संजीव अग्रवाल द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह पूरे उत्साह, गरिमा और खेल भावना से ओतप्रोत रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक गरिमामय वातावरण में हुई, जहां मुख्य अतिथियों ने हैंडबॉल को गोलपोस्ट में डालकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। इस प्रतीकात्मक शुरुआत ने खिलाड़ियों और दर्शकों में जोश का संचार कर दिया। इसके पश्चात जिलाधिकारी एवं विधायक ने विभिन्न राज्यों से आई टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि “खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना जैसे जीवन मूल्यों को भी विकसित करते हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का व्यापक मंच प्रदान करती हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।”
वहीं कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि बरेली में इस तरह के बड़े खेल आयोजनों का होना शहर के लिए गर्व की बात है और इससे स्थानीय खिलाड़ियों को भी नई दिशा और प्रेरणा मिलती है।
जिला ओलंपिक संघ बरेली के अध्यक्ष डॉ. आशीष गुप्ता ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि बरेली में राष्ट्रीय स्तर की हैंडबॉल प्रतियोगिता का यह तीसरा सफल आयोजन है। इससे पूर्व वर्ष 2021 में सीनियर हैंडबॉल चैंपियनशिप तथा वर्ष 2023 में जूनियर हैंडबॉल चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि “इस बार के आयोजन के साथ ही बरेली ने राष्ट्रीय खेल आयोजनों की ‘हैट्रिक’ पूरी कर ली है, जो शहर के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।”
जिला ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष डॉ. स्वतंत्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि “नाथ नगरी बरेली की पावन धरती पर आज देशभर से आई नारी शक्ति अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेगी। यह आयोजन न केवल खेलों को बढ़ावा देगा, बल्कि महिला सशक्तिकरण का भी सशक्त संदेश देगा।” उन्होंने यह भी बताया कि जिला ओलंपिक संघ एवं इंडियन हैंडबॉल एसोसिएशन इस प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध और तैयार हैं।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 30 मार्च से 3 अप्रैल तक फ्यूचर विश्वविद्यालय में आयोजित की जा रही है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 27 टीमें भाग ले रही हैं। इन टीमों में कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं, जो खिताब जीतने के लिए पूरे जोश और तैयारी के साथ मैदान में उतर रही हैं। प्रतियोगिता के मुकाबले रोमांचक, प्रतिस्पर्धात्मक और उच्च स्तर के होने की पूरी उम्मीद है।
आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन, सुरक्षा, चिकित्सा और परिवहन जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उच्च स्तर पर सुनिश्चित की गई हैं। साथ ही दर्शकों के लिए भी समुचित बैठने और सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, जिससे वे आरामपूर्वक मैचों का आनंद ले सकें।
इंडियन हैंडबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ आनंदेश्वर पांडे ने सभी सम्मानित अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया
आयोजन समिति एवं जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी महिला खेलों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और खेल जगत में भी उनका प्रदर्शन लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इस प्रकार के आयोजनों से न केवल खिलाड़ियों को मंच मिलता है, बल्कि समाज में सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश भी जाता है।
स्थानीय खेल प्रेमियों में इस प्रतियोगिता को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में दर्शक मैचों का आनंद लेने के लिए पहुंच रहे हैं और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं। आयोजकों का मानना है कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से बरेली को राष्ट्रीय खेल परिदृश्य में एक नई पहचान मिलेगी और आने वाले समय में और भी बड़े खेल आयोजनों के द्वार खुलेंगे।
इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ के संरक्षक धर्मेंद्र गुप्ता सचिव रौनक सिंह बग्गा एवं अभिमन्यु गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील गुप्ता आर एस ओ, चंचल मिश्रा, महासचिव फसील बेग आदि समेत विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट


