23 जून को गोंडा पहुंचेंगी आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल, जनसुनवाई से लेकर परियोजनाओं के निरीक्षण और संध्या संवाद तक रहेगा व्यस्त कार्यक्रम

गोंडा : देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल 23 जून को जनपद गोंडा में जनसुनवाई, विकास परियोजनाओं के भौतिक सत्यापन और संध्या संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। इस दौरान आमजन की शिकायतों की सुनवाई, निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता की जांच और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जनसुनवाई आयोजित की जाएगी, जिसमें जिले के नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे आयुक्त के समक्ष रख सकेंगे। जनसुनवाई के माध्यम से विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित मामलों और जनसमस्याओं के निस्तारण की समीक्षा भी की जाएगी।
कर्मचारियों और पेंशनरों की समस्याएं भी सुनेंगी आयुक्त
जनसुनवाई के बाद दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक विभिन्न विभागों के कर्मचारियों तथा पेंशनरों (वरिष्ठ नागरिकों) की विभागीय और पेंशन संबंधी समस्याओं की सुनवाई की जाएगी। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक अभिलेखों सहित उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता पर होगी विशेष नजर
दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक आयुक्त जिले में चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं और विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के दौरान कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और निर्धारित समयसीमा के अनुरूप क्रियान्वयन का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ मौके पर मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं निरीक्षण से पहले जनपद स्तर पर गठित त्रिसदस्यीय तकनीकी टीम द्वारा कार्यों की जांच कर रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी।

ग्राम पंचायत में होगा ‘संध्या संवाद’ कार्यक्रम
शाम 5 बजे से 7 बजे तक जिले की चयनित एक ग्राम पंचायत में “संध्या संवाद कार्यक्रम” आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों द्वारा विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े चयनित लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना और लाभार्थियों से सीधे संवाद स्थापित करना है।
सभी विभागों को तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश
आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक स्तर पर कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
