Monday, September 7, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में आईसीएसएसआर प्रायोजित 10-दिवसीय शोध पद्धति पाठ्यक्रम 8 सितंबर से


बरेली,07 सितम्बर। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के बी.एड./एम.एड. विभाग (आईएएसई) द्वारा शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएसएसआर), नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित 10-दिवसीय शोध पद्धति पाठ्यक्रम–2026 का आयोजन 8 से 17 सितंबर 2026 तक किया जाएगा।

“Research Methodology and Skill Development in Social Sciences: Aligning with NEP 2020” विषयक इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य शोधार्थियों में शोध पद्धति की समझ विकसित करने के साथ-साथ आधुनिक शोध कौशलों, डिजिटल उपकरणों तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित शोध तकनीकों के प्रभावी एवं नैतिक प्रयोग को प्रोत्साहित करना है।

पाठ्यक्रम के अंतर्गत शोध समस्या एवं परिकल्पना निर्माण, गुणात्मक एवं मात्रात्मक शोध, साहित्य समीक्षा, शोध उपकरणों का निर्माण एवं प्रमाणीकरण, नमूना चयन, सांख्यिकीय विश्लेषण, भारतीय ज्ञान परम्परा, अनुसंधान नैतिकता, अकादमिक लेखन तथा एआई-सहायित शोध जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान एवं व्यावहारिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। देश के प्रतिष्ठित केंद्रीय एवं राज्य विश्वविद्यालयों से आमंत्रित प्रख्यात संसाधन व्यक्ति एवं विषय-विशेषज्ञ प्रतिभागियों को व्याख्यान, संवाद तथा व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

पाठ्यक्रम निदेशक डॉ. मीनाक्षी द्विवेदी ने बताया कि यह कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 की भावना के अनुरूप बहुविषयक, नैतिक तथा तकनीक-सक्षम शोध को बढ़ावा देगा और प्रतिभागियों की शोध क्षमता को सुदृढ़ करेगा।

-------------------------------------------------------------------------------------------

पाठ्यक्रम के सह-निदेशक डॉ. रामबाबू सिंह ने कहा कि पाठ्यक्रम में सैद्धांतिक समझ के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण और सहभागी गतिविधियों को भी विशेष महत्त्व दिया गया है, जिससे प्रतिभागी अर्जित ज्ञान का अपने शोध कार्य में प्रभावी उपयोग कर सकेंगे।

पाठ्यक्रम का उद्घाटन 8 सितंबर 2026 को विश्वविद्यालय के बी.एड./एम.एड. विभाग में आयोजित किया जाएगा।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------