Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

UP में आग उगल रहा आसमान! 45°C पर पहुंचा बांदा, बना प्रदेश का सबसे गर्म जिला; लू और उमस ने बढ़ाई मुश्किलें

बांदा : उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर लगातार जारी है। चिलचिलाती धूप, गर्म हवाओं और उमस भरे मौसम ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। इसी बीच बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला बनकर सामने आया है, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और लू के थपेड़ों के चलते दिनभर जनजीवन प्रभावित रहा, जबकि अस्पतालों में हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है।

बीते कई दिनों से बादलों और धूप के बीच चल रहे मौसम के उतार-चढ़ाव के बावजूद गर्मी का प्रकोप कम नहीं हुआ है। मंगलवार सुबह से ही सूरज के तीखे तेवर देखने को मिले और देखते ही देखते पूरा जिला भट्ठी की तरह तपने लगा।

45 डिग्री पहुंचा पारा, तापमान में हुई बड़ी बढ़ोतरी

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई, जिसके बाद बांदा एक बार फिर प्रदेश का सबसे गर्म जिला बन गया।

सुबह 10 बजे के बाद सड़कों पर छा गया सन्नाटा

सुबह से तेज धूप के कारण गर्मी का असर बढ़ता गया। सुबह 10 बजे के बाद गर्म हवाओं के थपेड़ों ने राहगीरों की परेशानी और बढ़ा दी। लोगों को छांव और ठहरने की जगह तलाशनी पड़ी। दोपहर होते-होते हालात ऐसे हो गए कि सड़कों पर सन्नाटा पसर गया और लोग केवल बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।

हीट स्ट्रोक के मरीज बढ़े, शाम की उमस बनी मुसीबत

दिनभर सूरज की तपिश से परेशान लोगों को शाम के समय उमस ने और बेहाल कर दिया। मौसम के लगातार बदलते मिजाज का असर स्वास्थ्य पर भी दिखाई दे रहा है। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। हालांकि शाम के समय चली तेज हवाओं से लोगों को कुछ राहत जरूर महसूस हुई।

बिजली कटौती और उमस ने रात की नींद उड़ाई

उमस भरे मौसम के कारण लोगों को रातभर परेशानी झेलनी पड़ रही है। मच्छरों और बिजली की आवाजाही ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। जहां बिजली आपूर्ति सामान्य रही, वहां भी कूलर और पंखों से गर्म हवा ही मिलती रही। वहीं बीच-बीच में घंटों की कटौती ने लोगों को बेचैन बनाए रखा। ग्रामीण क्षेत्रों में बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

आंधी और बारिश के बाद बढ़ गई नमी

तिंदवारी कस्बे में दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। धूल भरी तेज आंधी के साथ करीब पांच मिनट तक झमाझम बारिश हुई। बारिश के दौरान लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली, लेकिन इसके बाद बढ़ी नमी और उमस ने परेशानी और बढ़ा दी। बादलों और धूप की आंख-मिचौली के बीच बाजारों और सड़कों पर निकलने वाले लोग पसीने से तरबतर नजर आए।

मौसम विभाग ने जारी की सावधानी की सलाह

भीषण गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग लगातार लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचने की अपील की गई है। यदि जरूरी हो तो सिर ढककर निकलें और पर्याप्त मात्रा में पानी साथ रखें। डिहाइड्रेशन से बचने के लिए दिनभर में पर्याप्त पानी, नींबू पानी, छाछ और ओआरएस का सेवन करने की सलाह दी गई है।

किसानों के लिए भी जारी की गई सलाह

विशेषज्ञों का कहना है कि तेज गर्मी और शुष्क मौसम के कारण खेतों की नमी तेजी से कम हो रही है। ऐसे में सब्जी और दलहनी फसलों में शाम के समय हल्की सिंचाई करनी चाहिए। पशुपालकों को भी गोवंश को छायादार स्थान पर रखने और दिन में तीन से चार बार पानी पिलाने की सलाह दी गई है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------