‘वादा करो, पति को तलाक दूंगी तो…’, शादीशुदा GF को BF ने लगाया चूना
पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से रिश्तों के उलझाव और धोखे की एक शर्मनाक कहानी सामने आई है. यहां बलुवाकोट क्षेत्र में एक 6 साल की बच्ची की मां ने जिस शख्स पर भरोसा कर अपना बसा-बसाया घर उजाड़ लिया, उसी ने शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया और अंत में किसी और से शादी कर ली. पुलिस के अनुसार, पीड़िता का प्रेम प्रसंग साल 2024 में उसके एक दूर के रिश्तेदार (रिश्ते में बुआ की बहू का भाई) यश वर्मा के साथ शुरू हुआ.
धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने साथ रहने का फैसला किया. आरोपी यश वर्मा ने महिला को पूरी तरह अपने विश्वास में ले लिया था और वादा किया था कि यदि वह अपने पति को तलाक दे देती है, तो वह उसे अपनी पत्नी के रूप में अपना लेगा. पीड़िता ने कहा- सच में वादा करो कि अगर मैं पति को तलाक दूंगी तो तुम मुझसे शादी करोगे.

युवक के झूठे वादों में आकर महिला ने फरवरी 2025 में एक शपथ पत्र भी तैयार करवाया. प्रेमी के साथ नई जिंदगी शुरू करने के सपने देख रही महिला ने जुलाई 2025 में कोर्ट में अपने पति से तलाक की अर्जी दाखिल कर दी. बता दें कि महिला का पति वर्तमान में दिल्ली में नौकरी करता है और उनकी एक 6 साल की बेटी भी है.

महिला जब अपने पति से कानूनी रूप से अलग होने की प्रक्रिया में थी, उसी दौरान आरोपी यश वर्मा ने उसे बताए बिना जुलाई माह में ही किसी दूसरी लड़की से शादी कर ली. जब महिला को इस धोखे की भनक लगी, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. अपना घर खो चुकी और प्रेमी से ठगी गई महिला न्याय की गुहार लेकर बलुवाकोट थाने पहुंची.
थानाध्यक्ष नीमा बोहरा ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी यश वर्मा (22 वर्ष), निवासी बरेली (उत्तर प्रदेश) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 (शादी का वादा कर यौन शोषण) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को बलुवाकोट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है. मामले में जांच जारी है.
