Saturday, April 25, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग सख्त, RTO ऋतु सिंह ने दिए स्कूली वाहनों में मानको और प्रपत्रों को कराने के निर्देश

File Photo

शासन एवं कार्यालय परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में स्कूल वाहनों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत स्कूल वाहन निगरानी पोर्टल पर सभी स्कूल वाहनों को ऑनबोर्ड किए जाने, वाहनों का विस्तृत विवरण दर्ज करने तथा परिवहन विभाग द्वारा भौतिक निरीक्षण की कार्रवाई को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। अयोध्या मंडल में पंजीकृत 17,887 विद्यालयों के सापेक्ष सभी 17,887 विद्यालयों को पोर्टल पर ऑनबोर्ड कर दिया गया है, जबकि अब तक 4,249 स्कूल वाहनों का भौतिक निरीक्षण भी पूरा किया जा चुका है, जो अभियान की व्यापकता और गंभीरता को स्पष्ट करता है।

सभी स्कूलों के लिए अनिवार्य दस्तावेज़ी अनुपालन और पोर्टल अपडेट निर्देश

स्पष्ट किया गया है कि परिषदीय, गैर-परिषदीय एवं सहायता प्राप्त सभी विद्यालयों को अपने वाहनों का संपूर्ण विवरण इस पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य है। इसी क्रम में अयोध्या मंडल की संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) सुश्री ऋतु सिंह ने परिवहन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने सभी स्कूल वाहनों के निरीक्षण कार्य को युद्ध स्तर पर पूरा करने तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि हर वाहन मानकों के अनुरूप ही संचालित हो।

इसके साथ ही दस्तावेज़ आधारित अनुपालन को प्राथमिकता देते हुए फिटनेस, परमिट, पंजीयन, बीमा और पीयूसी जैसे सभी वैध दस्तावेजों की स्थिति की गहन जांच करने के निर्देश दिए गए। जिन वाहनों में कमी पाई जाएगी, उनके खिलाफ नोटिस जारी करने, बैठकें करने, डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाने और अनुपालन न होने की स्थिति में पंजीयन निलंबन एवं निरस्तीकरण जैसी कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों की जिम्मेदारी पर भी जोर

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि स्कूल प्रबंधन यह सुनिश्चित करें कि केवल फिट और सभी मानकों को पूरा करने वाले वाहनों का ही संचालन बच्चों के परिवहन के लिए किया जाए। अप्रैल माह में सामने आई कमियों को शीघ्र दूर कर पोर्टल पर अद्यतन करने के भी निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी स्कूलों को वाहनों के संबंध में शपथ पत्र अपलोड करने और लंबित प्रक्रियाओं को पूर्ण करने के लिए कहा गया है।

शिक्षा विभाग से समन्वय और जनजागरूकता पर भी फोकस

प्रगति में अपेक्षित गति न मिलने के चलते परिवहन विभाग ने संयुक्त शिक्षा निदेशक, जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारियों से भी अपील की है कि वे अपने स्तर से स्कूलों को जागरूक और प्रेरित करें। वहीं अभिभावकों से भी आग्रह किया गया है कि वे केवल फिटनेस प्रमाणित और स्कूल वाहन परमिट प्राप्त वाहनों से ही अपने बच्चों को विद्यालय भेजें।

सख्त प्रवर्तन और निरंतर निगरानी की व्यवस्था

परिवहन विभाग ने संकेत दिया है कि पूरे अभियान की लगातार निगरानी की जाएगी और नियमों का पालन सुनिश्चित न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न हो।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------