जनपद में पेट्रोल-डीजल व एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर ना दे ध्यान : जिलाधिकारी

बरेली,26अप्रैल।जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कल आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल, सीयूजीएल के मैनेजर, एलपीजी गैस एजेंसियों के मालिक व पीएनजी गैस से संबंधित अधिकारियों तथा डीजल/पेट्रोल पंप मालिकों के साथ बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पीएनजी गैस कनेक्शनों की संख्या बढ़ाई जाए तथा कनेक्शन पर दी जा रही छूट की सीमा को और बढ़ाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग पीएनजी से जुड़ सकें। बैठक में अधिकारियों द्वारा बताया गया कि ग्रीन पार्क और महानगर क्षेत्र के लगभग 80 प्रतिशत घरों में पीएनजी गैस कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जबकि सुभाषनगर के शांतिबिहार क्षेत्र में भी आपूर्ति शुरू कर दी गई है। इस पर जिलाधिकारी ने तहसील स्तर तक पीएनजी आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है, किसी प्रकार की अफवाह न फैलने दी जाए तथा सभी को आसानी से आवश्यकतानुसार पेट्रोल/डीजल की उपलब्धता हो रही है।
बैठक में निर्देश दिए गए कि एलपीजी गैस एजेंसियों को गर्मी के दृष्टिगत एजेंसी पर उपभोक्ताओं के लिए टेंट, पीने का पानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में पेट्रोलियम एजेंसी के प्रतिनिधियों द्वारा बताया गया कि विवाह सीजन को देखते हुए 1600 विवाह कार्डों के आधार पर सभी को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए हैं तथा अब तक करीब 9800 सिलेंडर वितरित किए जा चुके हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जहां पीएनजी लाइन उपलब्ध है, वहां 90 दिनों के भीतर कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा, अन्यथा एलपीजी आपूर्ति रोक दी जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी(वि/रा) संतोष कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी, आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल, सीयूजीएल, एलपीजी गैस, डीजल/पेट्रोल पंप के मालिक व पीएनजी गैस से सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
