Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई आयोजित

 

बरेली,26अप्रैल।जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में सी एम डैशबोर्ड पोर्टल पर विकाश कार्यों से सम्बन्धित योजनाओ की प्रगति सम्बन्धित समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।

जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पोर्टल पर दर्ज विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विभागवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यों की अद्यतन स्थिति समय से पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर प्रदर्शित आंकड़े शासन स्तर पर जनपद की प्रगति का प्रतिबिंब होते हैं, अतः इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को नई सड़कों के निर्माण एवं अनुरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के संबंध में संबंधित अधिकारी ने बताया कि इस महीने अब तक 1621 इंस्टॉलेशन कंप्लीट हो चुके हैं,जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि जो इंस्टॉलेशन हो चुके हैं, उनकी जानकारी पोर्टल पर भी अपलोड करवा दिया जाए।

बैठक में उन्होंने सेतु निर्माण, एन एच ए आई, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना और लोक निर्माण विभाग द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों पर सम्बन्धित अधिकारियों को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों से कहा कि कार्यों के दौरान अगर किसी भी प्रकार की समस्या आए तो तुरन्त अवगत कराएं, जिससे समय रहते समस्या का निवारण कर विकास कार्य को आगे बढ़ाया जा सके।

बैठक में विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि ग्रीष्म ऋतु के दृष्टिगत बिजली व्यवस्था को सही बनाए रखें। आम जनमानस की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक लेते हुए त्वरित निस्तारण करें।

जिलाधिकारी ने विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचना सुनिश्चित किया जाए साथ ही जिन योजनाओं की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, उनमें तेजी लाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग नियमित अपनी प्रगति की समीक्षा करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उच्चाधिकारियों को तत्काल अवगत कराएं, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विश्राम सिंह, परियोजना निदेशक डी आर डी ए सहित सम्बन्धित विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहें।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------