‘राम मंदिर पर अनर्गल बयानबाजी से बचें अखिलेश’, डिप्टी सीएम केशव मौर्य की चेतावनी; बोले- 2027 में सपा का होगा सूपड़ा साफ

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए राम मंदिर से जुड़े मुद्दे पर अनर्गल बयानबाजी से बचने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की बयानबाजी जारी रही तो राम भक्त और राष्ट्रभक्त जनता इसका मुंहतोड़ जवाब देगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का प्रदेश से सूपड़ा साफ हो जाएगा और भाजपा एक बार फिर सरकार बनाएगी।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी जांच का हवाला
केशव प्रसाद मौर्य ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले की विशेष जांच दल (एसआईटी) जांच कर रही है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है और आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया जारी रहने के बावजूद इस विषय पर राजनीतिक बयानबाजी करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव इस तरह के बयान देना जारी रखते हैं तो उन्हें राम भक्तों और राष्ट्रभक्त जनता की ओर से करारा जवाब मिलेगा।
2027 चुनाव को लेकर भाजपा का बड़ा दावा
उपमुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भरोसा जताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी नए राजनीतिक मोर्चे या गठबंधन से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।
चंद्रशेखर आजाद और स्वामी प्रसाद मौर्य की मुलाकात तथा तीसरे मोर्चे की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा वर्तमान भी है और भविष्य भी, इसलिए विपक्ष के किसी भी राजनीतिक समीकरण का पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

भाजपा सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ने देश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों तक अयोध्या, मथुरा और काशी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों का समाधान नहीं होने दिया गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया गया और काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्विकास कर भव्य कॉरिडोर विकसित किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि जिन मामलों पर न्यायालय में सुनवाई चल रही है, उनमें उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और अंततः सत्य की ही विजय होगी।
राज्यपाल के बयान पर टिप्पणी से किया परहेज
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देने से उपमुख्यमंत्री ने परहेज किया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल सभी के लिए संरक्षक और मार्गदर्शक हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके अनुभव और योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनके सुझावों को सकारात्मक दृष्टिकोण से लिया जाना चाहिए।
