Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

भीषण गर्मी और लू को लेकर सख्त हुई प्रशासनिक मशीनरी, मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने सभी जिलाधिकारियों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

गोण्डा: देवीपाटन मण्डल में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने मण्डल के सभी जिलाधिकारियों को तत्काल जिला स्तरीय हीट एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने साफ कहा कि हीटवेव राज्य सरकार द्वारा घोषित आपदा है, इसलिए इससे बचाव के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समयबद्ध और प्रभावी तरीके से सुनिश्चित की जाएं।

मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, बस स्टैंड, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, विद्यालयों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। जरूरत के अनुसार विभिन्न स्थानों पर प्याऊ भी स्थापित कराए जाएं ताकि लोगों को भीषण गर्मी में राहत मिल सके।

विद्यालयों के समय में बदलाव के निर्देश

भीषण गर्मी को देखते हुए मण्डलायुक्त ने स्कूलों के संचालन समय में आवश्यकतानुसार बदलाव करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को लू और अत्यधिक तापमान से सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश

दुर्गा शक्ति नागपाल ने हीटवेव को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को लगातार जागरूक किया जाए। आमजन को यह जानकारी दी जाए कि अत्यधिक जरूरी होने पर ही दोपहर के समय घरों से बाहर निकलें और गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाएं।

पशुओं के लिए भी विशेष व्यवस्था

मण्डलायुक्त ने पशुधन की सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं और अन्य स्थानों पर पशुओं के लिए पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल और छांव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गर्मी के कारण पशुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

संपूर्ण समाधान दिवस पर लाभार्थियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ

बैठक के दौरान मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि “संपूर्ण समाधान दिवस” के अवसर पर प्रत्येक जनपद में कम से कम दो जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरित किया जाए। इसके लिए रोस्टर तैयार कर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग पंजीकरण कराकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।

नियमित निगरानी और जवाबदेही तय करने के निर्देश

मण्डलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हीटवेव से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गर्मी और लू से बचाव के लिए हर स्तर पर सतर्कता और तत्परता बनाए रखी जाए।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------