Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षक-छात्र के बीच भावनात्मक जुड़ाव जरूरी: प्रो. जितेंद्र सिंह

गोण्डा: श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा बीएससी सेकंड सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के लिए मेंटर-मेंटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर जितेंद्र सिंह ने कहा कि छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षक और छात्र के बीच भावनात्मक संबंध स्थापित होना बेहद आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और जीवन मूल्यों के विकास में भी शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे कार्यक्रम छात्रों को मानसिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से मजबूत बनाने में सहायक साबित होते हैं।

सोशल मीडिया और गैजेट्स पर बढ़ती निर्भरता चिंता का विषय

वनस्पति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रेखा शर्मा ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान टेक्नोलॉजी के दौर में युवाओं की इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और सोशल मीडिया पर निर्भरता आवश्यकता से अधिक बढ़ गई है। इसका सीधा असर उनके स्वास्थ्य, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों पर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं के व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें जीवन जीने की सकारात्मक कला सिखाने में मेंटर की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

छात्रों ने साझा की अपनी समस्याएं

कार्यक्रम के दौरान लगभग 95 प्रतिशत छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की और अपनी विभिन्न समस्याओं को शिक्षकों के साथ साझा किया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका समाधान भी सुझाया।

इस अवसर पर डॉ. संजय कुमार, डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव, कृष्ण मोहन त्रिपाठी, ड्रिंकल यादव और अमित दुबे ने भी छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया और उन्हें शैक्षणिक तथा व्यक्तिगत जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------