Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

देवीपाटन मंडल के विकास का तैयार होगा नया ब्लूप्रिंट, कृषि, पर्यटन और रोजगार को मिलेगी प्राथमिकता

गोण्डा: देवीपाटन मंडल के समग्र और योजनाबद्ध विकास को नई दिशा देने की तैयारी शुरू हो गई है। नवागत आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने मंडल के सभी जिलाधिकारियों से उनके जनपदों की प्रमुख समस्याओं, विकास की संभावनाओं और समाधान से जुड़े विस्तृत सुझाव और रिपोर्ट मांगी हैं। माना जा रहा है कि यह पहल मुख्यमंत्री की जनपद आधारित विकास मॉडल की सोच को जमीन पर उतारने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।

आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक जिले की भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियां अलग हैं, इसलिए विकास योजनाएं भी स्थानीय जरूरतों के अनुसार तैयार की जाएंगी। उन्होंने कृषि, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और जनजातीय क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता में रखने के निर्देश दिए हैं।

श्रावस्ती में बौद्ध पर्यटन और जैविक खेती पर जोर

श्रावस्ती जनपद की ओर से भेजी गई रिपोर्ट में बौद्ध पर्यटन, खेल और जैविक खेती की संभावनाओं को प्रमुखता से रखा गया है। जेतवन विहार सहित ऐतिहासिक स्थलों के विकास, खेल अवसंरचना निर्माण और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने की योजनाएं प्रस्तावित की गई हैं।

इसके साथ ही बाढ़, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए रेलवे, एयरपोर्ट विस्तार, तटबंधों के सुदृढ़ीकरण और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर भी फोकस किया गया है।

गोण्डा में कृषि, डेयरी और धार्मिक पर्यटन पर फोकस

गोण्डा जनपद ने कृषि, डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण और धार्मिक पर्यटन को विकास की मुख्य संभावनाओं के रूप में चिन्हित किया है। रिपोर्ट में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, एग्रो प्रोसेसिंग यूनिट, कौशल विकास कार्यक्रम और सड़क परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया है।

घाघरा और सरयू नदी से हर वर्ष आने वाली बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी कार्ययोजना तैयार किए जाने की बात कही गई है।

बहराइच में जनजातीय क्षेत्रों के विकास की योजना

बहराइच जनपद ने जनजातीय इलाकों में शिक्षा, रोजगार और आधारभूत ढांचे को सबसे बड़ी जरूरत बताया है। रिपोर्ट में स्थानीय उत्पादों की मार्केटिंग, कृषि आधारित उद्योग, सड़क संपर्क और रेलवे ओवरब्रिज निर्माण जैसी योजनाओं को विकास का आधार माना गया है।

साथ ही तकनीकी और व्यवसायिक शिक्षा को बढ़ावा देकर युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में भी विशेष योजनाएं प्रस्तावित की गई हैं।

बलरामपुर में डिजिटल सेवाएं और फूड प्रोसेसिंग पर जोर

बलरामपुर जनपद की रिपोर्ट में बाढ़ नियंत्रण, जनजातीय विकास, स्वास्थ्य सेवाओं और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी गई है। थारू जनजाति की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक पर्यटन, ऑर्गेनिक खेती और फूड प्रोसेसिंग को विकास की प्रमुख संभावनाओं के रूप में सामने रखा गया है।

इसके अलावा फ्लड अलर्ट सिस्टम, मोबाइल न्यूट्रिशन वैन, डिजिटल शिक्षा और ग्रामीण सुविधाओं के विस्तार की योजनाओं पर भी काम किए जाने की बात कही गई है।

स्थानीय संसाधनों के आधार पर होगा विकास

आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि देवीपाटन मंडल के सभी जिलों में स्थानीय संसाधनों और संभावनाओं के अनुरूप योजनाबद्ध विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रोजगार, निवेश और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत कर मंडल को प्रदेश के अग्रणी विकास क्षेत्रों में शामिल करने का लक्ष्य तय किया गया है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------