Top Newsदेश

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ISI और अंडरवर्ल्ड से जुड़े 9 आरोपी गिरफ्तार; देशभर में हमले की साजिश नाकाम

नई दिल्ली: देश के विभिन्न शहरों में बड़े आतंकी हमलों की कथित साजिश को दिल्ली पुलिस ने समय रहते विफल करने का दावा किया है। राजधानी की स्पेशल सेल ने कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और मुंबई अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से जुड़े हुए थे तथा देश के कई महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाने की तैयारी में थे। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है।

महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठान थे निशाने पर

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की जांच में सामने आया है कि आरोपियों को दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में स्थित महत्वपूर्ण सरकारी और रणनीतिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने का जिम्मा सौंपा गया था। जांच एजेंसियों के अनुसार सुरक्षा बलों के जवान भी इनके संभावित निशानों में शामिल थे। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई किए जाने से एक बड़ी साजिश को अंजाम तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया गया।

पावर प्लांट, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर थी नजर

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के निशाने पर कई संवेदनशील और महत्वपूर्ण संस्थान थे। इनमें पावर प्लांट, न्यूक्लियर प्लांट, बिजली घर, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और अन्य महत्वपूर्ण ऊर्जा प्रतिष्ठान शामिल बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि इन स्थानों की रेकी कब और किस स्तर तक की गई थी।

ISI और मुंबई अंडरवर्ल्ड के गठजोड़ का दावा

दिल्ली Police की स्पेशल सेल ने जांच के दौरान आईएसआई और मुंबई अंडरवर्ल्ड के बीच कथित गठजोड़ का खुलासा होने का दावा किया है। अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी इसी नेटवर्क के इशारे पर काम कर रहे थे। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन लोगों को आर्थिक और लॉजिस्टिक सहायता कहां से मिल रही थी तथा इनके संपर्क देश और विदेश में किन-किन लोगों से थे।

दिल्ली, मुंबई और पंजाब से जुड़े हैं आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी दिल्ली, मुंबई और पंजाब के विभिन्न इलाकों से जुड़े हुए हैं। जांच में कुछ विदेशी नागरिकों के शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है। फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क, फंडिंग स्रोत और संभावित सहयोगियों की पहचान की जा सके।

हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद

जांच एजेंसियों ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद करने का दावा किया है। बरामद सामान में ग्रेनेड और आधुनिक हथियार भी शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों की आपूर्ति किस माध्यम से की गई और इन्हें कहां-कहां इस्तेमाल करने की योजना बनाई गई थी।

पूरे नेटवर्क की जांच जारी

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और अन्य सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे और खुलासे हो सकते हैं। जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क के देश और विदेश में मौजूद संभावित कनेक्शनों की भी पड़ताल कर रही हैं।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------