मनोरंजन

25 साल बाद फिर लौटेगा ‘लगान’ का ऐतिहासिक रोमांच, बड़े पर्दे पर दोबारा भिड़ेंगे अंग्रेज और गांववाले

नई दिल्ली : आमिर खान की कल्ट क्लासिक फिल्म ‘लगान: वन्स अपॉन अ टाइम इन इंडिया’ एक बार फिर सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। साल 2001 में रिलीज हुई इस आइकॉनिक फिल्म को 25 साल पूरे होने के मौके पर री-रिलीज किया जा रहा है, जिससे दर्शक एक बार फिर इसके ऐतिहासिक और भावनात्मक सफर का अनुभव बड़े पर्दे पर कर सकेंगे।

फिल्म की री-रिलीज 12, 13 और 14 जून को की जाएगी। इस खास अवसर पर मेकर्स ने इसका नया 4K ट्रेलर भी जारी किया है, जिसने एक बार फिर ‘लगान’ के दौर को ताजा कर दिया है।

फिर जिंदा हुआ 1893 का संघर्ष और क्रिकेट की अनोखी कहानी

नए ट्रेलर में एक बार फिर दर्शकों को 1893 के ब्रिटिश औपनिवेशिक भारत की कहानी देखने को मिलती है, जहां सूखे और भारी टैक्स के बोझ से परेशान गांववालों के सामने एक अनोखी चुनौती रखी जाती है।

एक ब्रिटिश अधिकारी गांववालों से कहता है कि अगर वे क्रिकेट मैच जीत जाते हैं तो उनका लगान माफ कर दिया जाएगा, लेकिन हारने पर उन्हें दोगुना टैक्स देना होगा। इस चुनौती को गांव का युवक भुवन स्वीकार करता है और यहीं से शुरू होता है संघर्ष और उम्मीद का एक ऐतिहासिक सफर।

ऑस्कर तक पहुंची थी फिल्म की गूंज

‘लगान’ सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बेहद सफल रही थी। इस फिल्म को 49 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिले थे। यह उन चुनिंदा भारतीय फिल्मों में शामिल रही है, जिन्हें ऑस्कर में बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म कैटेगरी के लिए नामांकन मिला था।

फिल्म ने कुल 8 राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी अपने नाम किए थे, जिनमें ‘बेस्ट पॉपुलर फिल्म’ का सम्मान भी शामिल है।

दमदार कलाकारों ने बनाया यादगार

फिल्म में आमिर खान के साथ ग्रेसी सिंह ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इसके अलावा रघुबीर यादव, कुलभूषण खरबंदा, राजेश विवेक, श्रीवल्लभ व्यास, यशपाल शर्मा और अन्य कलाकारों ने अपने दमदार अभिनय से फिल्म को भारतीय सिनेमा की अमर कृतियों में शामिल कर दिया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------