‘सालों पहले लॉन्चिंग-रिलॉन्चिंग के बाद भी नहीं हुए लॉन्च’, CM Dhami ने राहुल गांधी पर कसा तंज

नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की प्रधानमंत्री व राज्य सरकार पर की गई टिप्पणी का जोरदार पलटवार किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सहित देश में राहुल गांधी को कोई गंभीरता से नहीं लेता, राहुल को खुद भी पता नहीं है कि वह कब और क्या बोलते हैं। सालों पहले से लॉन्चिंग-रिलॉन्चिंग के बाद भी राहुल गांधी लॉन्च नहीं हो पा रहे हैं।

देश विरोध तक पहुंच गए
नैनीताल क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी व कांग्रेस पार्टी ने सर्जिकल स्ट्राइक, ऑपरेशन सिंदूर पर सेना के साहस, पराक्रम व शौर्य पर सवाल उठाए, उन्होंने विदेशों में भारत की छवि धूमिल करने का प्रयास किया।
देश के पहले सीडीएस विपिन रावत व सेना के बारे में अमर्यादित टिप्पणी की। भाजपा सरकार व प्रधानमंत्री का विरोध करते करते देश विरोध तक पहुंच गए, इसलिए राजनीति में राहुल गांधी की विश्वनीयता खत्म हो गई है। उत्तराखंड की जनता राहुल व कांग्रेस को सबक सिखाने को आतुर है।

मुख्यमंत्री ने कैंची धाम सहित चारधाम में जाम की समस्या को चुनौती बताते हुए कहा कि कैंची धाम के लिए भवाली बाईपास का निर्माण हो चुका है, दूसरे बाईपास का काम अंतिम चरण में है। सरकार का प्रयास है कि कैंची धाम के जाम की समस्या का समाधान कर रानीखेत, कौसानी जाने वाले पर्यटकों, स्थानीय टैक्सी चालकों व व्यवसायियों की समस्याओं का समाधान हो।
मुख्यमंत्री ने नैनीताल क्लब में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव में अभी से जुट जाने का आह्वान किया। सीएम ने कार्यकर्ताओं से जनता से संवाद निरंतर बनाये रखने व उनके दुःख दर्द में शामिल होने का आह्वान भी किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं की ओर से उठाई समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। जोड़ा की संगठन की हर कार्यकर्ता पर नजर है।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, नगर अध्यक्ष नितिन कार्की, विधायक सरिता आर्य, जिला उपाध्यक्ष दयाकिशन पोखरिया, विनीत अग्रवाल, साकेत अग्रवाल, मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल डब्बू, हुकुम सिंह कुंवर, नवीन वर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी, एसएसपी व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की जानकारी ली। महाधिवक्ता एसएन बाबुलककर के साथ भी बैठक की।
