Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर परिवहन विभाग ने चलाया पौधरोपण अभियान

बरेली, 05 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज परिवहन विभाग द्वारा जनपद बरेली स्थित ड्राइविंग ट्रेनिंग एण्ड टेस्टिंग इंस्टीट्यूट (DTTI) परिसर में सड़क दुर्घटनाओं में दिवंगत व्यक्तियों की स्मृति में तथा पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में असमय जान गंवाने वाले व्यक्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके प्रति संवेदना व्यक्त की गयी तथा सड़क सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण को एक-दूसरे का पूरक बताते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार परिवहन व्यवस्था की आवश्यकता पर बल दिया गया। उपस्थित अधिकारियों द्वारा यह संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण दोनों ही समाज के सतत एवं सुरक्षित विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्था, बरेली की बहनों, स्वयंसेवकों एवं स्वयंसेविकाओं के साथ संयुक्त रूप से पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्था की वरिष्ठ प्रतिनिधि एवं उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखण्ड क्षेत्र की प्रमुख बहन पार्वती जी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उनके द्वारा पर्यावरण संरक्षण, मानवीय मूल्यों एवं सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण, अधिकाधिक वृक्षारोपण तथा सड़क सुरक्षा नियमों के पालन का संकल्प भी दिलाया गया।

कार्यक्रम में उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) कमल प्रसाद गुप्ता, सम्भागीय परिवहन अधिकारी पंकज सिंह, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) डॉ. प्रवेश कुमार सरोज, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) वैभव सोती, मोटरयान निरीक्षक हारून सैफी सहित परिवहन विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों एवं स्वयंसेवकों ने पौधरोपण को जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान करने तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

सड़क सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------