उत्तर प्रदेशराज्य

लखनऊ अग्निकांड के बाद यूपी में हाई अलर्ट! आगरा की कोचिंग बिल्डिंग में धुआं उठते ही मचा हड़कंप, छात्र-छात्राएं भागे बाहर

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी बीच मंगलवार को आगरा के एक प्रमुख कोचिंग संस्थान की इमारत में अचानक धुआं उठने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कोचिंग में मौजूद थे, जिन्हें तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला गया।

बताया जा रहा है कि यह कोचिंग संस्थान तुलसी टॉकीज क्षेत्र के पास स्थित एक बहुमंजिला भवन में संचालित होता है, जहां मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे भवन के बेसमेंट में लगी एमसीबी से अचानक धुआं निकलना शुरू हो गया। धुआं दिखाई देते ही परिसर में मौजूद छात्रों और कर्मचारियों के बीच हलचल मच गई।

सायरन बजते ही शुरू हुआ रेस्क्यू

धुआं उठते ही भवन में लगा सुरक्षा सायरन सक्रिय हो गया। सायरन की आवाज सुनते ही छात्र-छात्राएं तेजी से बाहर निकलने लगे। कोचिंग प्रबंधन ने भी तत्परता दिखाते हुए फायर सेफ्टी प्रोटोकॉल के तहत सभी विद्यार्थियों को आपातकालीन निकास द्वार से सुरक्षित बाहर पहुंचाया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एमसीबी बॉक्स में तकनीकी खराबी के कारण आग की स्थिति बनी, जिससे धुआं निकलने लगा। कोचिंग स्टाफ ने मौके पर मौजूद अग्निशमन उपकरणों की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।

पुलिस और बिजली विभाग की टीम पहुंची मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। वहीं विद्युत विभाग की टीम ने एहतियातन इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। तकनीकी निरीक्षण और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद करीब एक घंटे बाद विद्युत आपूर्ति बहाल की गई।

लखनऊ हादसे के बाद प्रदेशभर में जांच अभियान तेज

राजधानी में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद प्रशासन पूरे प्रदेश में फायर सेफ्टी व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है। आगरा में भी पुलिस और अग्निशमन विभाग ने कोचिंग संस्थानों, व्यावसायिक भवनों और भीड़भाड़ वाले परिसरों में निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है।

कई कोचिंग सेंटरों पर लटके ताले

सुरक्षा मानकों की जांच के दौरान आगरा के कोचिंग हब माने जाने वाले भगवान टॉकीज क्षेत्र में कई संस्थान बंद पाए गए। पुलिस और प्रशासनिक टीमों ने विभिन्न केंद्रों पर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

पुलिस की चेतावनी- नियमों से समझौता नहीं

आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कोचिंग संस्थान निर्धारित सुरक्षा मानकों और नियमों के अनुसार ही संचालित किए जाएंगे। किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------