सोलर और ई-व्हीकल सेक्टर में बड़ी जिम्मेदारी: तारिक हसन नकवी बने इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन की राष्ट्रीय समिति के अध्यक्ष

लखनऊ: सौर ऊर्जा और स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय वरिष्ठ प्रबंधन विशेषज्ञ एवं हिकमा एनर्जीस प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक अध्यक्ष एवं निदेशक तारिक हसन नकवी को इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन की राष्ट्रीय सोलर, बायो-एनर्जी एवं ई-व्हीकल समिति का वर्ष 2026-27 के लिए अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उद्योगपति दिनेश गोयल ने की।

पिछले दो दशकों से सौर ऊर्जा के विकास और विस्तार में सक्रिय भूमिका निभा रहे तारिक हसन नकवी के नेतृत्व और सहयोग से इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन तथा यूपीनेडा के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय स्तर पर ‘इंडिया सोलर एंड ईवी एक्सपो’ सहित विभिन्न विषयों पर सेमिनारों का नियमित आयोजन किया जाता रहा है। इन आयोजनों में देश के विभिन्न राज्यों से सौर ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र से जुड़े प्रतिष्ठान अपने उत्पादों का प्रदर्शन करते हैं।
सौर ऊर्जा क्षेत्र में दो दशक का अनुभव
तारिक हसन नकवी समय-समय पर सौर ऊर्जा से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से अपने सुझाव और योगदान देते रहे हैं। इसके अलावा ऊर्जा उत्पादन और सोलर पैनल निर्माण से जुड़ी देश की कई कंपनियों में वह निदेशक और प्रबंध निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
रिलायंस मोबाइल सेवाओं की शुरुआत में भी निभाई थी अहम भूमिका
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में रिलायंस समूह के उपाध्यक्ष के रूप में कार्य करते हुए तारिक हसन नकवी के मार्गदर्शन में रिलायंस मोबाइल सेवाओं का शुभारंभ भी किया गया था। उनके प्रबंधन अनुभव को उद्योग जगत में विशेष पहचान प्राप्त है।
लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से हो चुके हैं सम्मानित

पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश सोलर पावर डेवलपमेंट एसोसिएशन ने तारिक हसन नकवी को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया था। यह सम्मान प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने प्रदान किया था।
प्रदेश स्तरीय सलाहकार समिति के सदस्य भी हैं
तारिक हसन नकवी वर्तमान में प्रदेश सरकार के अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के अंतर्गत गठित प्रदेश स्तरीय सलाहकार समिति के सदस्य के रूप में भी कार्य कर रहे हैं।
नियुक्ति पर उद्योग जगत ने दी शुभकामनाएं
तारिक हसन नकवी की नियुक्ति पर इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अजय गुप्ता, गनेश चतुर्वेदी, सुनील वैश्य और अशोक अग्रवाल सहित राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक अग्रवाल, राष्ट्रीय महामंत्री दीपक बजाज, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अवधेश अग्रवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चेतन देव भल्ला और सूर्य कुमार हवेलिया, राष्ट्रीय सचिव प्रमित कुमार सिंह, लखनऊ डिवीजनल चेयरमैन राजीव बंसल, लखनऊ चैप्टर चेयरमैन वैभव अग्रवाल, महिला विंग अध्यक्ष आनंदी अग्रवाल, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल तथा सौर ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं और बधाई दी।
