दुर्ग में रफ्तार का कहर! डिवाइडर से टकराकर पेड़ से भिड़ी बेकाबू कार, दो युवकों की मौके पर मौत

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक कार अनियंत्रित होकर पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई और फिर पेड़ से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि कार चालक और उसके साथी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

डिवाइडर से टकराने के बाद पेड़ से भिड़ी कार
जानकारी के अनुसार दोनों युवक गुरुवार सुबह कार से निकले थे। बताया जा रहा है कि सेक्टर-8 से ग्लोब चौक की ओर जाते समय कार तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। कार पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई और इसके बाद तेज गति से पेड़ से जा भिड़ी।
मौके पर ही हुई दोनों की मौत
हादसे में कार चला रहे दीपक और उनके साथ बैठे कौशिक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों को संभलने का कोई मौका नहीं मिला। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपेला मोर्चरी भेज दिया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में नशे की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि हादसे के समय कार सवार नशे की हालत में हो सकते थे। हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
