Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

गोण्डा में पुलिस और गौतस्करों के बीच मुठभेड़! पैर में गोली लगने के बाद दबोचा गया शातिर तस्कर, 10 गोवंशीय पशु समेत डीसीएम और कार बरामद

गोण्डा: उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले में थाना नवाबगंज पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में अंतरजनपदीय गौतस्करी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर गौतस्कर पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया, जबकि एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 10 गोवंशीय पशु, एक डीसीएम, एक बलेनो कार, एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

एसपी के निर्देश पर चला अभियान

पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी तरबगंज उमेश्वर प्रभात सिंह के नेतृत्व में थाना नवाबगंज पुलिस ने कार्रवाई की। पहले चरण में पुलिस ने गड़ेरियन पुरवा-कोल्हमपुर रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास अय्याज को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक डीसीएम, एक बलेनो कार और 10 गोवंशीय पशु बरामद किए गए।

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई

मुख्य आरोपी के फरार साथी मोफीद की तलाश के दौरान एसओजी और थाना नवाबगंज पुलिस की संयुक्त टीम नगवा मोड़ से गंगा राम चौराहा जाने वाली सड़क पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल गोण्डा में भर्ती कराया गया।

रस्सियों से बांधकर की जा रही थी गौवंश की तस्करी

पुलिस के अनुसार 21 जुलाई को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर एक बलेनो कार की आड़ में डीसीएम वाहन से गोवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर की गई घेराबंदी में बलेनो कार चालक अय्याज पकड़ा गया। तलाशी के दौरान डीसीएम में 10 गोवंशीय पशु रस्सियों से बर्बर तरीके से बंधे मिले। पुलिस ने सभी पशुओं को मुक्त कर सुरक्षित कब्जे में लिया।

पूछताछ में गिरोह के नेटवर्क का खुलासा

पूछताछ में गिरफ्तार अय्याज ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ संगठित गिरोह के रूप में गौवंशीय पशुओं की तस्करी करता था। गिरोह रात के समय गांवों और बागों के आसपास घूम रहे गोवंशीय पशुओं को पकड़ता था। पशुओं के मुंह रस्सियों से बांधकर डीसीएम में लादा जाता था और वाहन को काली पन्नी से ढक दिया जाता था ताकि किसी को शक न हो।

उसने बताया कि वह स्वयं बलेनो कार से डीसीएम के आगे चलता था और रास्ते में पुलिस चेकिंग या अन्य गतिविधियों की जानकारी मोबाइल फोन के माध्यम से पीछे चल रहे वाहन को देता था।

दो आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अय्याज पुत्र मोईद निवासी जगनपुर थाना रौनाही, जनपद अयोध्या तथा मोफीद पुत्र मोहम्मद जमील अहमद निवासी शेखपुर जाफर थाना रौनाही, जनपद अयोध्या के रूप में हुई है। मोफीद को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नवाबगंज में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता तथा आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह सामान हुआ बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक बलेनो कार, एक डीसीएम, एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 10 गोवंशीय पशु, एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------