रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में 24वें दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में क्रीड़ा विभाग ने कराया परंपरागत खेलों का आयोजन

बरेली,29 जुलाई। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के 24वें दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में माननीय राज्यपाल महोदया की प्रेरणा एवं माननीय कुलपति महोदय के मार्गदर्शन में क्रीड़ा विभाग द्वारा विश्वविद्यालय के क्रीड़ा परिसर में परंपरागत खेलों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर खो-खो, कंचा खेल, गुल्ली डंडा, रस्साकसी एवं सतोलिया जैसे पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें विश्वविद्यालय परिसर के बच्चों ने पूरे उत्साह, उमंग एवं खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्रीड़ा सचिव, अपर क्रीड़ा सचिव, क्रीड़ा सचिव, परिसर एवं सहायक क्रीड़ा सचिव द्वारा किया गया। प्रतियोगिताओं का सफल संचालन खेल प्रशिक्षक श्री धर्मेंद्र शर्मा (खेल प्रशिक्षक), श्री रणदीप सिंह (एथलेटिक्स प्रशिक्षक), एवं राजू द्वारा कराया गया। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय पारंपरिक खेलों से जोड़ना, उनकी शारीरिक क्षमता का विकास करना तथा खेल भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
इस अवसर पर कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक डॉ अनिल कुमार यादव, क्रीड़ा सचिव- प्रो. एस.एस. बेदी, क्रीड़ा सचिव परिसर- डॉ नीरज कुमार, अपर क्रीड़ा सचिव डॉ. संदीप कुमार,सह क्रीड़ा सचिव- डॉ. अजीत सिंह, सह क्रीड़ा सचिव- डॉ. विजय सिंहाल, सहायक क्रीड़ा सचिव डॉ इरम नईम एवं सहायक क्रीड़ा सचिव- इंदरप्रीत कौर सहित क्रीड़ा विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सभी प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे परंपरागत खेल हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं तथा इनके माध्यम से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, शारीरिक दक्षता और सामाजिक समरसता का विकास होता है। क्रीड़ा विभाग भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर आयोजित करता रहेगा।


बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
