2029 में PM बनेंगे विजय! TVK के ऐलान पर कांग्रेस का पलटवार, बोली- राहुल गांधी के अलावा कोई मंजूर नहीं

चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और उनकी पार्टी तमिलनाडु वेत्री कड़गम (TVK) की सरकार के 100 दिन पूरे होने के साथ ही 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। टीवीके नेताओं ने विजय को 2029 में प्रधानमंत्री पद का चेहरा बताते हुए उन्हें देश का भावी नेतृत्वकर्ता बताया है। इस दावे पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है। तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष मणिकम टैगोर बी ने टीवीके नेताओं को निशाने पर लेते हुए कहा कि वे अभी भी फैन-क्लब वाले अंदाज में काम कर रहे हैं।

TVK नेताओं ने विजय को बताया देश का अगला पीएम
तिरुपुर में सरकार के 100 दिनों की उपलब्धियां गिनाने के लिए आयोजित सभा में टीवीके के वरिष्ठ नेताओं ने विजय को देश के भावी नेतृत्वकर्ता के तौर पर पेश किया। टीवीके नेता केए सेंगोटेया ने कहा कि उत्तर भारत के लोग भी विजय से उम्मीद लगाए बैठे हैं और उनमें पूरे भारत का नेतृत्व करने की क्षमता है। उन्होंने एमजीआर और जयललिता के साथ काम करने का हवाला देते हुए विजय को उनके बाद तमिलनाडु और भविष्य के भारत का नेतृत्व करने वाली ताकत बताया।
मंत्री ने कहा- हमारे नेता ही भारत के अगले पीएम
तमिलनाडु के मानव संसाधन प्रबंधन मंत्री डी. सरथकुमार ने भी विजय की कार्यशैली की तारीफ करते हुए उन्हें देश का अगला प्रधानमंत्री बताया। उन्होंने कहा कि विजय सुबह से शाम तक लगातार काम करते हैं और वह निश्चित रूप से अगले प्रधानमंत्री बनेंगे। वहीं, टीवीके विधायक कल्लानाई ने दावा किया कि जनता को विजय के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। उन्होंने विश्वास जताया कि विजय एक दिन लाल किले पर तिरंगा फहराकर पूरे देश का नेतृत्व करेंगे।
कांग्रेस ने बताया जमीनी हकीकत से दूर का दावा
टीवीके नेताओं के इन बयानों पर कांग्रेस ने निशाना साधा है। तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष मणिकम टैगोर बी ने कहा कि टीवीके नेता अभी भी फैन-क्लब मोड से बाहर नहीं निकल पाए हैं। उन्होंने इन दावों को जमीनी राजनीतिक वास्तविकता से दूर बताया। टैगोर ने यह भी कहा कि सरकार के गठन के समय विजय ने खुद राहुल गांधी से समर्थन के लिए संपर्क किया था।
-------------------------------------------------------------------------------------------
कार्ति चिदंबरम बोले- पीएम का फैसला 272 के आंकड़े से होगा
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि हर राजनीतिक दल और उसके कार्यकर्ताओं को अपने नेता के प्रति महत्वाकांक्षा रखने का अधिकार है, लेकिन देश का नेतृत्व संविधान और लोकसभा के आंकड़ों से तय होता है। उन्होंने कहा कि लोकसभा की 543 सीटों में जिस दल या गठबंधन के पास 272 का आंकड़ा होगा, वही सरकार बनाने और प्रधानमंत्री तय करने की स्थिति में होगा। उन्होंने कहा कि किसी पार्टी के भीतर इस तरह के दावे करने से देश की राजनीतिक बहस नहीं बदलती।
कांग्रेस बोली- राहुल गांधी के अलावा किसी और को स्वीकार नहीं करेंगे
कांग्रेस सांसद पी. जोथीमणि ने टीवीके नेताओं के दावे पर और तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस या इंडिया गठबंधन राहुल गांधी के अलावा किसी अन्य नेता को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने टीवीके को सलाह दी कि दिल्ली की राजनीति पर ध्यान देने के बजाय तमिलनाडु में सुशासन पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
2029 के लिए राहुल गांधी को चेहरा बना रही कांग्रेस
कांग्रेस 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए राहुल गांधी को अपने संभावित प्रधानमंत्री चेहरे के तौर पर पेश कर रही है। वहीं, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके के 108 सीटें जीतकर सरकार बनाने के बाद विजय के समर्थक उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में दक्षिण भारत के बड़े चेहरे के तौर पर स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी को लेकर दोनों दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होती दिखाई दे रही है।

