विदेश

ईरान में शादी की खुशियां मातम में बदलीं! अमेरिकी मिसाइल हमले में 4 साल के बच्चे समेत 5 की मौत, 50 से ज्यादा घायल

तेहरान: ईरान के सिरिक इलाके में शादी समारोह के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब यह कार्यक्रम अमेरिकी हवाई हमले की चपेट में आ गया। ईरानी अधिकारियों और सरकारी मीडिया के मुताबिक, हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत हुई है। मृतकों में चार साल का एक बच्चा भी शामिल है। वहीं, 50 से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। यह घटना स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास स्थित तटीय क्षेत्र में हुई। ईरानी अधिकारियों ने इसे युद्ध के दौरान नागरिकों के लिए हुई सबसे गंभीर घटनाओं में से एक बताया है।

ईरान ने हमले को बताया क्रूर कार्रवाई

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया जताई है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई को पहले हुई घटनाओं से अलग करके नहीं देखा जा सकता। प्रवक्ता ने विशेष रूप से मिनाब में एक स्कूल पर हुए हवाई हमले का जिक्र किया। ईरानी अधिकारियों के अनुसार, युद्ध के पहले दिन हुए इस हमले में एक बालिका विद्यालय में 160 लोगों की जान गई थी।

हालांकि, मिनाब की घटना को लेकर अमेरिकी रक्षा विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है। वहीं, एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि मिनाब में हुआ हमला पुराने लक्ष्य संबंधी आंकड़ों के इस्तेमाल का नतीजा हो सकता है।

अमेरिका-ईरान में फिर बढ़ा सैन्य तनाव

सिरिक में शादी समारोह पर हुआ हमला ऐसे समय सामने आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव एक बार फिर तेज हो गया है। बुधवार को दोनों देशों के बीच पिछले कई हफ्तों का सबसे बड़ा सैन्य टकराव देखने को मिला। अमेरिका की ओर से आगे और व्यापक हमले किए जाने की चेतावनी भी दी गई है।

-------------------------------------------------------------------------------------------

ऐसे माहौल में शादी समारोह के दौरान हुई नागरिकों की मौत ने युद्ध के मानवीय प्रभाव को लेकर चिंता और बढ़ा दी है। नागरिक इलाकों में हुई इस घटना को लेकर ईरान ने अमेरिका की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

अमेरिकी सेना ने कई अहम ठिकानों को बनाया निशाना

अमेरिकी सेना ने मंगलवार को ईरान में चाबहार और केशम द्वीप समेत कई अहम ठिकानों पर मिसाइलों से हमले किए। भारतीय समयानुसार रात करीब साढ़े नौ बजे शुरू हुए इन हमलों में ईरान के इस्लामी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के ठिकानों को भी निशाना बनाया गया।

अमेरिकी सेना के मुताबिक, हमलों में वायु रक्षा प्रणालियां, रडार प्रतिष्ठान, समुद्री संसाधन और संचार से जुड़े ठिकाने शामिल थे। इसके अलावा बारूदी सुरंग बिछाने की क्षमता से संबंधित सुविधाओं को भी निशाना बनाए जाने की बात कही गई है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------