रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के सावित्री राजकीय महिला छात्रावास में नव-प्रवेशित छात्राओं के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित


-------------------------------------------------------------------------------------------
बरेली,03 सितम्बर। महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के सावित्री राजकीय महिला छात्रावास में नव-प्रवेशित छात्राओं के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को विश्वविद्यालय की संस्कृति, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली तथा छात्रावास की व्यवस्थाओं, नियमों और सुविधाओं से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ छात्राओं द्वारा माँ सरस्वती वंदना से किया गया। कार्यक्रम विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति आचार्य ( डॉ.) अनिल कुमार राय जी के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। छात्राओं द्वारा एक दूसरे को अपना परिचय दे कर आपस में संवाद करवाना भी इस कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य रहा। इस अवसर पर माननीय कुलपति जी ने अपने संदेश में कहा कि विश्व विद्यालय केवल उपाधि प्राप्त करने का स्थान नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, ज्ञानार्जन, अनुशासन, आत्म निर्भरता और नेतृत्व क्षमता के विकास का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने नव-प्रवेशित छात्राओं का आह्वान किया कि वे अपने लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें तथा शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक, खेल, साहित्यिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के इस युग में छात्राएं अपनी प्रतिभा और क्षमता का पूर्ण उपयोग करते हुए विश्वविद्यालय और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह ने भी छात्राओं से विश्वविद्यालय एवं छात्रावास के नियमों का अनुशासित ढंग से पालन करने तथा अपनी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं संवेदनशील समाधान विश्वविद्यालय प्रशासन की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में छात्रावास की वार्डन डॉ. ज्योति पाण्डेय ने नव-प्रवेशित छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि छात्रावास केवल रहने का स्थान नहीं, बल्कि सुरक्षित, अनुशासित, स्वच्छ और सकारात्मक वातावरण में छात्राओं के सर्वांगीण विकास का केंद्र है। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा, सुविधा और अध्ययन के अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करना छात्रावास प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डॉ. ज्योति पाण्डेय ने छात्राओं को छात्रावास के विभिन्न नियमों एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से समय पालन, निर्धारित समय के अनुसार प्रवेश एवं निर्गमन, गेट पास की व्यवस्था का अनुपालन , आगमन प्रस्थान की रजिस्टर में अनिवार्य प्रविष्टि, समस्या रजिस्टर में समस्या लिख कर अवगत करवाना, आगंतुकों से संबंधित नियम तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन पर जोर दिया। उन्होंने छात्राओं से छात्रावास परिसर में अनुशासन, शालीनता, पारस्परिक सहयोग एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की। साथ ही कॉमन एरिया, परिसर, भोजनालय एवं कमरों में स्वच्छता बनाए रखने, छात्रावास की संपत्ति एवं सुविधाओं की सुरक्षा करने तथा किसी प्रकार की क्षति होने पर तत्काल संबंधित अधिकारी को सूचित करने के लिए कहा। वार्डन ने छात्राओं को उपलब्ध संसाधनों का निर्धारित नियमों के अनुसार सुरक्षित उपयोग करने तथा रैगिंग, दुर्व्यवहार एवं किसी भी प्रकार की अनुशासन हीनता के प्रति शून्य-सहिष्णुता (Zero Tolerance) की नीति के बारे में भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तत्काल छात्रावास स्टाफ को दे। चाहिए। निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने तथा सभी सहपाठी छात्राओं के प्रति सम्मान, सहयोग एवं संवेदनशीलता का व्यवहार करने पर भी उन्होंने विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को यह भी स्पष्ट किया गया कि छात्रावास के नियमों का उद्देश्य अनावश्यक प्रतिबंध लगाना नहीं, बल्कि छात्राओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ, अनुशासित, सौहार्दपूर्ण एवं अध्ययन-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी गई । अदिति, माही और नैन्सी द्वारा सुंदर नृत्य की प्रस्तुति दी गई। तनु, गरिमा, गुंजन और ख्याति द्वारा सुमधुर गीत सुनाए गए। भूमि और गुंजन द्वारा स्वरचित कविता सुनायी गई। संचालन सत्यसाक्षी ने किया गया । कार्यक्रम के आयोजन में कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह, डी एस डब्लू प्रोफेसर विनय ऋषिवाल ,वार्डन डॉ. ज्योति पाण्डेय, के साथ छात्रावास स्टाफ श्रीमती मीना पांडे, श्री मति नीलाक्षी एवं श्री मति राखी सहित छात्राओं भूमि ,नैंसी, सत्यसाक्षी, नेहा, मनीषा, खुशी, माही , वैष्णवी, अदिति,तनु, गुंजन, कोमल, गरिमा, अमृता, तनीषा, चन्द्रप्रभा, प्रियंका आदि छात्राओं का सहयोग रहा। कार्यक्रम का समापन छात्राओं के साथ संवादात्मक सत्र के साथ हुआ, जिसमें छात्राओं ने छात्रावास से संबंधित विभिन्न जिज्ञासाएं एवं प्रश्न रखे और प्रशासन द्वारा उनका समाधान एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
* * * बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

