Sunday, September 6, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

गोण्डा आरटीओ कार्यालय में उप परिवहन आयुक्त का औचक निरीक्षण, सीसीटीवी से लेकर कर्मचारियों के आईडी कार्ड और पटलवार कार्यों की हुई जांच

गोण्डा: परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर उप परिवहन आयुक्त (नगर परिवहन), मुख्यालय विजय कुमार सिंह ने शनिवार को सम्भागीय परिवहन कार्यालय, गोण्डा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और कार्यशीलता, अनधिकृत या संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों, संभावित अनधिकृत मध्यस्थता तथा कर्मचारियों के विवरण और पहचान-पत्रों की जांच की गई।

कर्मचारियों के आईडी कार्ड और पटलवार कार्यों की जांच

निरीक्षण के दौरान विजय कुमार सिंह ने कार्यालय के सभी कर्मचारियों के पहचान-पत्रों का सत्यापन किया। इसके साथ ही संबंधित कर्मचारियों को आवंटित पटलों पर किए जा रहे कार्यों की अद्यतन स्थिति की भी विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि कार्यालयीय कार्यों में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य किया जाए।

हर विंडो पर सेवा और पटल संख्या की जानकारी जांची

उप परिवहन आयुक्त ने कार्यालय की प्रत्येक विंडो पर पटल संख्या और वहां उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का विवरण स्पष्ट रूप से अंकित होने की भी जांच की। विभिन्न पटलों के आंतरिक निरीक्षण के दौरान पत्रावलियों के रख-रखाव, अभिलेखों की व्यवस्था और कार्यालय की स्वच्छता का भी जायजा लिया गया।

-------------------------------------------------------------------------------------------

आवेदकों से सीधे पूछी समस्याएं

निरीक्षण के दौरान विजय कुमार सिंह ने अपने काम के सिलसिले में कार्यालय पहुंचे आवेदकों से सीधे बातचीत की। उन्होंने आवेदकों से कार्यालय में किसी तरह की असुविधा या समस्या होने के बारे में जानकारी ली। उपस्थित आवेदकों ने बताया कि वे अपने व्यक्तिगत कार्यों के लिए कार्यालय आए हैं और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है।

पारदर्शी और जनसुविधा आधारित कार्यप्रणाली पर जोर

औचक निरीक्षण के दौरान कार्यालय की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और जनसुविधा के अनुरूप बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। निरीक्षण का उद्देश्य कार्यालयीय व्यवस्था की निगरानी के साथ यह सुनिश्चित करना रहा कि आवेदकों को निर्धारित सेवाएं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध हों और अनधिकृत गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखी जाए।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------