Monday, September 7, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

‘बीजेपी ने जेपीएनआईसी बेचकर स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों का अपमान किया’, समाजवादी विचारक विजय श्रीवास्तव बोले- 2027 में जनता देगी जवाब

लखनऊ: समाजवादी विचारक एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार लाल ‘विजय श्रीवास्तव’ ने जेपीएनआईसी को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जेपीएनआईसी को बेचकर देश के स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अपमान किया है। उनके मुताबिक इस कदम से लोकतंत्र, समाजवाद और धर्मनिरपेक्षता के मूल्यों को भी नुकसान पहुंचा है।

‘बीजेपी ने जेपी को बेच दिया’

विजय श्रीवास्तव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण से जुड़े जेपीएनआईसी को बेचकर समाजवादी विचारधारा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी सोच जाहिर कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह फैसला केवल एक संस्थान से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत और उससे जुड़े मूल्यों का भी सवाल है।

अखिलेश यादव ने बनाया था विश्वस्तरीय संग्रहालय : श्रीवास्तव

समाजवादी नेता ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ में लोकनायक जयप्रकाश नारायण की गौरव गाथा को अक्षुण्ण बनाए रखने के उद्देश्य से विश्वस्तरीय संग्रहालय का निर्माण कराया था। उन्होंने कहा कि जेपीएनआईसी देश और दुनिया के समाजवादियों के लिए प्रेरणा का महत्वपूर्ण स्थल था।

-------------------------------------------------------------------------------------------

‘अधिनायकवादी प्रवृत्ति का परिचय’

विजय श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि जेपीएनआईसी को बेचकर भाजपा ने लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने के साथ अपनी अधिनायकवादी प्रवृत्ति का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण की विचारधारा लोकतंत्र, समाजवाद और जनभागीदारी से जुड़ी रही है और उनसे जुड़े संस्थान के साथ इस तरह का निर्णय स्वीकार्य नहीं है।

2027 में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का दावा

समाजवादी विचारक ने कहा कि उत्तर प्रदेश की प्रबुद्ध जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी को भारी बहुमत मिलेगा और पार्टी की सरकार बनाकर लोकनायक जयप्रकाश नारायण के सपनों को पूरा करने की दिशा में काम किया जाएगा।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------