देशराज्य

MP से लेकर यूपी-बिहार और दिल्ली तक भारी बारिश का अलर्ट, कई राज्यों में आंधी-तूफान और तेज हवाओं का खतरा

नई दिल्ली: सितंबर की शुरुआत के साथ जहां सुबह के मौसम में हल्की ठंडक महसूस होने लगी है, वहीं दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अभी भी सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने 7 सितंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। कुछ क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान

दिल्ली में 7 सितंबर को दिनभर बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। इस दौरान तेज हवाएं 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने का अनुमान है। राजधानी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हरियाणा-चंडीगढ़, दिल्ली और पूर्वी राजस्थान में भी बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और पंजाब के कुछ हिस्सों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में आंधी के साथ तेज बारिश की आशंका

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 7 सितंबर को बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 7 और 8 सितंबर को कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश के कारण जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है।

उत्तराखंड में बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा

उत्तराखंड में 7 सितंबर को कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा 10 से 12 सितंबर के बीच भी राज्य के कई हिस्सों में मॉनसूनी गतिविधियां तेज रह सकती हैं। देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की, हल्द्वानी, नैनीताल, रुद्रपुर, काशीपुर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल समेत कई इलाकों में बारिश हो सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते भूस्खलन और मिट्टी के कटाव का खतरा बना हुआ है।

मध्य प्रदेश में अगले कई दिनों तक बारिश का दौर

मध्य प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों तक मॉनसून सक्रिय रहने की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 7 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 7 और 8 सितंबर के साथ 11 और 12 सितंबर को भी भारी बारिश का अनुमान है। विदर्भ में 10 से 12 सितंबर के बीच भारी बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में 8 से 12 सितंबर के दौरान कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। भोपाल में 7 सितंबर को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी मौसम बिगड़ेगा

बिहार में 7 सितंबर को कई इलाकों में बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। पटना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

झारखंड में 8 से 11 सितंबर के बीच बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है। रांची में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

-------------------------------------------------------------------------------------------

पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में 7 से 10 सितंबर तक बारिश हो सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 7-8 सितंबर तथा 11-12 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है। ओडिशा में 10 से 12 सितंबर के दौरान बारिश का अनुमान है। राज्य के कुछ हिस्सों में पहले से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं, ऐसे में बारिश के कारण नदियों का जलस्तर और बढ़ सकता है।

महाराष्ट्र में 7 से 12 सितंबर तक बारिश के आसार

महाराष्ट्र में 7 से 12 सितंबर के बीच कोंकण और गोवा के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। गुजरात क्षेत्र, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ में भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। कोंकण तट के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। मुंबई में 7 सितंबर को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

पूर्वोत्तर में भी मॉनसून रहेगा सक्रिय

पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश में 7 से 12 सितंबर तक बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी इस दौरान कई इलाकों में बारिश की संभावना है। असम और मेघालय में 9 और 10 सितंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

दक्षिण भारत में कुछ स्थानों पर बारिश

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रह सकती हैं। 7 से 12 सितंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तटीय कर्नाटक, केरल और माहे, आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा तेलंगाना में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 7 से 10 सितंबर के दौरान आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 11 और 12 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 7 से 10 सितंबर के दौरान तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान है।

समुद्र में जाने वाले मछुआरों के लिए चेतावनी

मौसम विभाग ने समुद्र में जाने वाले मछुआरों के लिए भी अलर्ट जारी किया है। अरब सागर में 11 सितंबर तक सोमालिया और ओमान तट के आसपास के कुछ हिस्सों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। बंगाल की खाड़ी में 8 से 11 सितंबर के दौरान दक्षिण तमिलनाडु तट, मन्नार की खाड़ी और दक्षिण-पूर्व श्रीलंका के पास समुद्री परिस्थितियों को देखते हुए सावधानी बरतने को कहा गया है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------