थाने के गेट पर महिला सिपाही की गोली लगने से मौत, गले को चीरते हुए सिर से निकली बुलेट; आत्महत्या या हादसा, जांच जारी
कौशाम्बी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी में मंगलवार सुबह महिला थाने के गेट पर तैनात महिला कांस्टेबल की गोली लगने से मौत हो गई। गोली सिपाही के गले को चीरते हुए सिर के पार निकल गई। सुबह अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर पुलिसकर्मी और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे तो पहरा ड्यूटी पर तैनात प्रियंका यादव खून से लथपथ जमीन पर पड़ी मिलीं। साथी पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रियंका ने पिछले साल ही पुलिस बल में नौकरी शुरू की थी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत, डीएसपी सौरभ सामंत समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मौके से मिले साक्ष्यों को भी सुरक्षित किया गया है। फिलहाल गोली चलने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

सरकारी राइफल के साथ पहरा ड्यूटी पर थी प्रियंका
डीएसपी के मुताबिक, प्रियंका यादव महिला थाना में पहरा ड्यूटी पर तैनात थीं। सुबह अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। साथी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो प्रियंका गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं। उनके पास सरकारी राइफल थी। गोली किन परिस्थितियों में चली, इसकी अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
आत्महत्या या गलती से चली गोली, दोनों पहलुओं पर जांच
-------------------------------------------------------------------------------------------
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि प्रियंका ने खुद को गोली मारी या सरकारी राइफल से गलती से फायर हुआ। जांच में सभी संभावनाओं को ध्यान में रखा जा रहा है।
पुलिस घटनास्थल और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से भी जानकारी ली जा रही है। प्रियंका के कमरे की तलाशी भी ली गई, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही गोली चलने की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

