Featured NewsTop Newsदेश

7 साल बाद भारत पहुंचे शी जिनपिंग, मोदी से मुलाकात पर दुनिया की नजर; BRICS समिट में होगा बड़ा कूटनीतिक मिलन

नई दिल्ली: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार सुबह 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए बीजिंग से नई दिल्ली रवाना हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आ रहे शी जिनपिंग की यात्रा को दोनों देशों के संबंधों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री मोदी और शी जिनपिंग के बीच अहम द्विपक्षीय वार्ता भी प्रस्तावित है।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, शी जिनपिंग के प्रतिनिधिमंडल में चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के राजनीतिक ब्यूरो की स्थायी समिति के सदस्य और केंद्रीय समिति के जनरल ऑफिस के निदेशक काई ची शामिल हैं। चीन के विदेश मंत्री और कम्युनिस्ट पार्टी के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य वांग यी भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं।

करीब 7 साल बाद भारत आ रहे हैं शी जिनपिंग

शी जिनपिंग करीब 7 साल बाद भारत की यात्रा पर आ रहे हैं। इससे पहले वह अक्टूबर 2019 में चेन्नई के पास मामल्लपुरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अनौपचारिक शिखर वार्ता के लिए भारत आए थे। इसके अलावा 2016 में उन्होंने गोवा में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था। राष्ट्रपति बनने के बाद उनकी पहली भारत यात्रा सितंबर 2014 में हुई थी।

सीमा विवाद के बाद रिश्ते सामान्य करने की कोशिश

मोदी और शी की प्रस्तावित मुलाकात ऐसे समय हो रही है जब भारत और चीन पिछले कुछ वर्षों में सीमा विवाद के बाद अपने संबंधों को धीरे-धीरे स्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। चीन के विदेश मंत्रालय ने भी दोनों नेताओं की लगातार हो रही मुलाकातों को सकारात्मक संकेत के तौर पर पेश किया है।

चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा था कि कजान और तियानजिन में दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद यह लगातार तीसरा वर्ष होगा, जब मोदी और शी की मुलाकात होगी। उन्होंने कहा कि चीन दोनों नेताओं के रणनीतिक मार्गदर्शन के अनुरूप भारत के साथ काम करना चाहता है।

मतभेदों को उचित तरीके से सुलझाने पर चीन का जोर

-------------------------------------------------------------------------------------------

माओ निंग के मुताबिक, चीन भारत के साथ अपने द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक नजरिए से देखता है। बीजिंग संवाद बढ़ाने, सहयोग मजबूत करने और मतभेदों को उचित तरीके से सुलझाने पर जोर दे रहा है। चीन की ओर से दोनों देशों को अच्छे पड़ोसी, मित्र और एक-दूसरे की सफलता में सहयोग करने वाले साझेदार के रूप में आगे बढ़ने की बात कही गई है।

BRICS सम्मेलन में भारत-चीन की भूमिका पर नजर

शी जिनपिंग की भारत यात्रा सिर्फ द्विपक्षीय संबंधों तक सीमित नहीं है। भारत इस समय ब्रिक्स का अध्यक्ष है और शनिवार तथा रविवार को नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।

चीन ने ब्रिक्स को उभरती अर्थव्यवस्थाओं और विकासशील देशों के बीच एकजुटता तथा सहयोग बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया है। वैश्विक स्तर पर व्यापार, सुरक्षा, युद्ध और बदलती भू-राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर तनाव के बीच इस सम्मेलन में भारत और चीन की भूमिका पर खास नजर रहेगी।

 

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------