गोयल ग्रुप के डांडिया नाइट में गरबा की धूम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
लखनऊ: गोयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की ओर से शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को अयोध्या मार्ग स्थित गोयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस परिसर में भव्य डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। शाम 5 बजे से रात 9:30 बजे तक चले इस समारोह में गरबा और डांडिया की धुनों पर लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आचार्य रणजीत दीक्षित जी महाराज ने पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर गोयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन महेश अग्रवाल, मैनेजर समर्थ गोयल, सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल एवं गोयल कैंपस की प्रधानाचार्या डॉ. रीना पाठक सहित समूह के अन्य निदेशक और प्रधानाचार्य मौजूद रहे। सभी अतिथियों का स्वागत किया गया, जिसके बाद समारोह का माहौल पारंपरिक और उत्सवपूर्ण हो गया।
गरबा-डांडिया की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
पूजन विधि पूरी होने के बाद परिसर पांडाल गरबा गीतों और डांडिया की खनक से गूंज उठा। कार्यक्रम में गोयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के पदाधिकारियों, प्रतिष्ठित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, जयपुरिया कॉरपोरेट कार्यालय के सदस्यों, शहर के गणमान्य लोगों और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान शिक्षा, खेल, कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में विद्यालय का गौरव बढ़ाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रसिद्ध कलाकार अलीशा अरोड़ा एवं सुश्री की लाइव प्रस्तुति रही। गरबा और डांडिया की धुनों पर उपस्थित लोगों का उत्साह देखते ही बना। बच्चों के लिए विशेष खेल क्षेत्र, सेल्फी जोन और डांडिया हैंड पेंटिंग के स्टॉल भी लगाए गए। इसके साथ ही लोगों के लिए विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों की व्यवस्था की गई।

डांडिया प्रतियोगिताएं और आकर्षक उपहार बने खास आकर्षण
समारोह के दौरान मिस्टर डांडिया, मिस डांडिया, डांसिंग दीवा और बेस्ट अटायर जैसी श्रेणियों में प्रतिभागियों का चयन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर लकी ड्रॉ के जरिए वॉशिंग मशीन, एयर कूलर, एयर फ्रायर, गैस स्टोव, ग्रिल ओवन, इलेक्ट्रिक आयरन, माइक्रोवेव और हेयर ड्रायर जैसे आकर्षक उपहारों की घोषणा की गई।
आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों और परिवारों को भारतीय संस्कृति एवं लोक परंपराओं से जोड़ने के साथ उन्हें आनंद, उत्साह और सामूहिक सहभागिता का अवसर प्रदान करना था।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be


