Saturday, October 24, 2026
Latest:
राज्य

नई टिहरी के स्टेडियम में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग से मची अफरा-तफरी, मैदान में खेल रहे थे बच्चे; 6 लोग सुरक्षित

नई टिहरी: उत्तराखंड के नई टिहरी में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। देहरादून के सहस्त्रधारा से गुप्तकाशी-केदारनाथ की ओर जा रहे ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने के बाद बौराड़ी स्टेडियम में आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। सुबह करीब 7 बजे हुई इस घटना के दौरान मैदान में बच्चे खेल रहे थे और स्थानीय लोग मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। हेलीकॉप्टर को अचानक उतरता देख वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

हेलीकॉप्टर उतरते ही मैदान से पीछे हटे लोग

जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। आपातकालीन लैंडिंग के बाद सभी के सुरक्षित होने की सूचना है। जिस समय हेलीकॉप्टर स्टेडियम में उतरा, उस वक्त मैदान में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे। बच्चों के खेलने के दौरान हेलीकॉप्टर को नीचे उतरता देख लोग सतर्क हो गए और कुछ देर के लिए मैदान से पीछे हट गए।

तकनीकी खराबी दूर होने के बाद फिर भरी उड़ान

हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के बाद पायलट ने तकनीकी खराबी की जांच की। इसके बाद फोन पर तकनीकी सहायता लेकर खामी दूर करने की प्रक्रिया पूरी की गई। करीब 30 से 35 मिनट तक स्टेडियम में रुकने के बाद हेलीकॉप्टर ने दोबारा उड़ान भरी और गुप्तकाशी-केदारनाथ की ओर रवाना हो गया। राहत की बात यह रही कि आपातकालीन लैंडिंग के दौरान किसी के हताहत होने या किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be