Top Newsराज्य

नैनीताल में FASTag से टोल वसूली शुरू, बाहरी वाहनों को देने होंगे 300 रुपये; कैंची धाम में उमड़ा 15 हजार श्रद्धालुओं का सैलाब

नैनीताल: नैनीताल में प्रवेश करने वाले वाहनों से अब फास्टैग के जरिए टोल शुल्क वसूला जा रहा है। लेक ब्रिज और बारापत्थर चुंगी पर यह सुविधा शुरू हो गई है। इसके साथ ही नैनीताल नगर पालिका उत्तराखंड की पहली ऐसी पालिका बन गई है, जहां फास्टैग से टोल वसूली की शुरुआत हुई है। दूसरी ओर, रविवार को कैंची धाम में बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए करीब 15 हजार श्रद्धालु पहुंचे।

फास्टैग से तीन से पांच सेकंड में कट रहा टोल

नैनीताल के प्रवेश द्वारों पर स्थित लेक ब्रिज और बारापत्थर चुंगी पर फास्टैग सुविधा शुरू कर दी गई है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा के मुताबिक, फिलहाल दोनों चुंगियों पर फास्टैग, ऑनलाइन मशीन और मैनुअल तरीके से टोल शुल्क लिया जा रहा है। प्राथमिकता फास्टैग के जरिए वसूली को दी जा रही है।

जिन वाहनों में फास्टैग नहीं लगा है या किसी वजह से उससे शुल्क नहीं कट पा रहा है, उनसे दूसरे माध्यमों से टोल लिया जा रहा है। नई व्यवस्था में एक वाहन का टोल काटने में महज तीन से पांच सेकंड का समय लग रहा है। इससे टोल वसूली में लगने वाला समय कम होने के साथ वाहनों की आवाजाही भी आसान हो रही है।

बाहरी वाहनों के लिए 300 रुपये टोल शुल्क

नैनीताल नगर पालिका ने कुछ समय पहले चुंगियों पर वसूले जाने वाले टोल टैक्स में बढ़ोतरी की थी। इसके तहत उत्तराखंड के दूसरे जिलों और बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों के लिए 300 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं, नैनीताल जिले में पंजीकृत वाहनों को 200 रुपये टोल देना होगा।

छूट वाले वाहनों की सूची मिलने के बाद ऑटोमेटिक होगा फास्टैग

चुंगी ठेकेदार के प्रतिनिधि बुद्धा राघव ने बताया कि फास्टैग सुविधा शुरू हो चुकी है, लेकिन फिलहाल इसे ऑटोमेटिक मोड पर नहीं चलाया जा रहा है। नगर पालिका की ओर से अभी उन वाहनों की सूची नहीं मिली है, जिन्हें टोल टैक्स में छूट दी गई है।

सूची मिलने के बाद छूट प्राप्त वाहनों का विवरण फास्टैग प्रणाली में दर्ज किया जाएगा। इसके बाद इसे ऑटोमेटिक मोड पर संचालित किया जा सकेगा। फिलहाल वाहन चालकों की सुविधा और इच्छा के अनुसार फास्टैग के साथ ऑनलाइन और मैनुअल माध्यमों से भी शुल्क लिया जा रहा है।

वीकेंड पर नैनीताल में बढ़ी पर्यटकों की चहल-पहल

अक्टूबर के शुरुआती सप्ताहांत के बाद रविवार को नैनीताल में पर्यटकों की भीड़ फिर बढ़ती नजर आई। सुबह से ही पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की चहल-पहल रही। हालांकि, सुबह और शाम होटल से चेकआउट के समय शहर की सड़कों पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बनी।

दो अक्टूबर को गांधी जयंती और अन्य छुट्टियों के चलते बने लंबे सप्ताहांत में तीन दिन के भीतर करीब डेढ़ लाख पर्यटक नैनीताल और कैंची धाम पहुंचे थे। इसके बाद लगातार दो सप्ताहांत शहर में अपेक्षाकृत सन्नाटा रहा। रविवार को पर्यटकों की संख्या में करीब 10 प्रतिशत बढ़ोतरी दर्ज की गई।

होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट के अनुसार, दीपावली तक होटलों में बुकिंग सामान्य रहने की उम्मीद है।

कैंची धाम में 15 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

भवाली: कैंची धाम में रविवार को बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। दिनभर भक्तों के आने का सिलसिला जारी रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। प्रशासन ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए शटल सेवा संचालित की।

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be