राज्य

दिल्ली के कई स्कूलों को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, मची अफरा-तफरी; बच्चों को समय से पहले भेजा गया घर

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई स्कूलों को शुक्रवार को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। लुटियंस दिल्ली के हुमायूं रोड स्थित एसपीवी और आरएस जूनियर मॉडर्न स्कूल को भी धमकी मिली है। सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा के मद्देनजर एहतियाती कदम उठाए और बच्चों को समय से पहले घर भेजने की व्यवस्था की। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल परिसरों की जांच की। अब तक की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

मामले की जांच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल कर रही है। पुलिस धमकी देने वाले की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी है। पुलिस और स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। साथ ही किसी भी अपुष्ट जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने को कहा गया है।

दिल्ली के स्कूलों को बार-बार मिल रही ऐसी धमकियों से अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, अब तक सामने आई धमकियां फर्जी निकली हैं, लेकिन हर बार ऐसी सूचना मिलने पर स्कूल प्रशासन, अभिभावकों और पुलिस को सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं करनी पड़ती हैं।

प्रिंसिपल ने अभिभावकों को भेजा ई-मेल

धमकी मिलने के बाद हुमायूं रोड स्थित आरएस जूनियर मॉडर्न स्कूल की प्रिंसिपल ने विद्यार्थियों के अभिभावकों को ई-मेल भेजकर स्थिति की जानकारी दी। इसमें बताया गया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बच्चों को निर्धारित समय से पहले घर भेजा जा रहा है। अभिभावकों से जल्द से जल्द स्कूल पहुंचकर अपने बच्चों को ले जाने की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया।

स्कूल बसें भी तय समय से पहले रवाना

प्रिंसिपल की ओर से भेजे गए ई-मेल में कहा गया कि स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। एहतियात के तौर पर बच्चों को समय से पहले घर भेजने का फैसला लिया गया है।

ई-मेल में यह भी बताया गया कि विद्यार्थियों को सुरक्षित और समय पर घर पहुंचाने के लिए स्कूल बसें भी अपने निर्धारित समय से पहले रवाना होंगी। अभिभावकों से शांत रहने, स्कूल प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी तरह की अपुष्ट जानकारी नहीं फैलाने की अपील की गई।

 

--------------------------------------------------------------------------------------------------- https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be