पुणे को प्रधानमंत्री मोदी की बड़ी सौगात, 21,800 करोड़ की मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
पुणे: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवाली से पहले पुणे के लोगों को मेट्रो परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए करीब 21,800 करोड़ रुपये की मेट्रो रेल परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे। इन परियोजनाओं से पुणे के पुराने और नए इलाकों के बीच संपर्क बेहतर होने के साथ शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि त्योहारों की खुशियां उस समय और बढ़ जाती हैं, जब जीवन में कोई नई सुविधा जुड़ती है। पुणे के लोगों के लिए आज ऐसा ही अवसर है। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि शहर की एक और मेट्रो लाइन का लोकार्पण हो रहा है और मेट्रो नेटवर्क के विस्तार के लिए नई परियोजनाओं पर काम भी शुरू किया जा रहा है।
हिंजेवाड़ी से शिवाजी नगर तक मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

प्रधानमंत्री ने पुणे मेट्रो के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब 10 साल पहले उन्हें शहर में मेट्रो के पहले चरण का शिलान्यास करने का अवसर मिला था। अब हिंजेवाड़ी से शिवाजी नगर के बीच मेट्रो सेवा शुरू होने से पुणे के आईटी हब को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी।
इससे आईटी क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों और अन्य यात्रियों का आवागमन आसान होगा। साथ ही सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है। मोदी ने कहा कि नई मेट्रो परियोजनाओं से पुणे के पुराने और नए हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। उन्होंने इस अवसर पर पुणे और महाराष्ट्र के लोगों को बधाई दी।
आईटी, ऑटोमोबाइल और उद्योगों के लिए अहम है पुणे
प्रधानमंत्री ने पुणे की आर्थिक और औद्योगिक पहचान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आईटी, ऑटोमोबाइल, फार्मा, स्टार्टअप, नवाचार और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में पुणे देश के युवाओं के लिए अवसरों और संभावनाओं का बड़ा केंद्र है। ऐसे में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार शहर के विकास को नई गति देगा।
उन्होंने कहा कि शहर केवल रहने की जगह नहीं होते, बल्कि देश की आर्थिक गतिविधियों के महत्वपूर्ण केंद्र भी हैं। भारत के सैकड़ों छोटे शहरों को भी विकास के बड़े केंद्रों के रूप में तैयार करना है। प्रधानमंत्री के मुताबिक, भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और गरीबी कम करने के प्रयासों में भी आगे बढ़ रहा है। बेहतर शहरी परिवहन व्यवस्था से रोजगार, कारोबार और अन्य सुविधाओं तक लोगों की पहुंच आसान होगी।
8,300 करोड़ से अधिक की लागत से तैयार हुई पिंक लाइन

करीब 21,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं में 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार मेट्रो लाइन-3 यानी पिंक लाइन का उद्घाटन शामिल है। करीब 23 किलोमीटर लंबी यह लाइन मान से डिस्ट्रिक्ट कोर्ट मेट्रो स्टेशन तक जाएगी। इसके शुरू होने से हिंजेवाड़ी के आईटी हब और शिवाजी नगर के बीच सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।
इससे हजारों आईटी पेशेवरों और अन्य यात्रियों को रोजाना आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। इस मेट्रो लाइन की खास बात यह है कि इसका संचालन पूरी तरह महिला ट्रेन ऑपरेटर करेंगी। इसके अलावा, लाइन की बिजली जरूरतों का करीब 30 प्रतिशत हिस्सा सौर ऊर्जा से पूरा करने की योजना है। इससे सार्वजनिक परिवहन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने में भी मदद मिलेगी।
मेट्रो के दूसरे चरण की चार नई लाइनों का शिलान्यास
प्रधानमंत्री मोदी ने पुणे मेट्रो के दूसरे चरण की चार नई लाइनों का भी शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं पर करीब 13,500 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इनमें लाइन 2ए, 2बी, 4 और 4ए शामिल हैं।
लाइन 2ए वनाज से चांदनी चौक और लाइन 2बी रामवाड़ी से विट्ठलवाड़ी को जोड़ेगी। वहीं, लाइन-4 खराड़ी से खडकवासला और लाइन-4ए नल स्टॉप से माणिकबाग के बीच संपर्क सुविधा उपलब्ध कराएगी।
इन नए मेट्रो कॉरिडोर से खराड़ी, मगरपट्टा, हडपसर, स्वारगेट, पुणे कैंटोनमेंट और वारजे जैसे इलाकों को फायदा मिलने की उम्मीद है। परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच सफर आसान होगा और पुणे की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को विस्तार मिलेगा।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
